10 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

रात में सोसायटी से चावल चुराकर ले जाते देख किया विरोध, सुबह पूर्व सरपंच की मिली लाश

चावल चोरी कर ले जा रहे 2 लोगों के साथ पूर्व सरपंच का हुआ था झगड़ा, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बलरामपुर

•

image

Ram Prawesh Vishwakarma

•

Updated: 3 Apr 2018, 3:19 PM IST

Dead body

Former sarpanch dead body

वाड्रफनगर. बसंतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मुरकौल के कुशवाहापारा में रहने वाले पूर्व सरपंच की एक ग्रामीण के घर की बाड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। हालांकि मृतक के गले में जलने के निशान मिलने पर लोग अनुमान लगा रहे हैं कि खेत में लगे विद्युत तार की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है।

लेकिन परिजन ने हत्या की आशंका जताकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है, क्योंकि रात में मृतक का एक घर से चावल चोरी कर ले जा रहे दो लोगों से झगड़ा भी हुआ था।


जानकारी के अनुसार कुशवाहापारा निवासी 54 वर्षीय धनराज सिंह ग्राम मुरकौल का पूर्व सरपंच था। रविवार की रात लगभग ९ बजे धनराज गांव में ही अपने भतीजे के घर गया था। यहां भोजन करने के बाद वह बाहर खाट पर सो गया। वहीं भतीजा व परिवार के अन्य सदस्य अंदर सो रहे थे। इसी दौरान देर रात धनराज उठकर भतीजे के घर से कुछ ही दूरी पर स्थित जोगेंद्र के घर के पास गया और मांग कर गुड़ाखु करने लगा, तभी उसे दो लोग चावल की दो बोरी चुराकर जाते दिखे।

इस पर उसने उन्हें रोका और पूछताछ की तो झगड़ा होने लगा, ये सब जोगेंद्र ने भी देखा लेकिन वह डर से नजदीक नहीं गया। फिर सुबह जोगेंद्र की पत्नी ने घर की बाड़ी में धनराज की लाश देखी। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के गले में जलने का निशान पाया गया, इससे आशंका जताई जा रही है कि बाड़ी में लगे विद्युत तार की चपेट में आने से मृतक की मौत हुई है। वहीं परिजन ने रात में हुए विवाद के मद्देनजर हत्या की आशंका जताई है।

वहीं मुरकौल के उचित मूल्य दुकान संचालक जयश्री द्वारा भी राशन दुकान से चावल चोरी की रिपोर्ट बसंतपुर थाने में दर्ज कराई है। अब इस मामले में बसंतपुर पुलिस दोनों ही बिंदुओं पर जांच कर रही है।

आगे की कार्रवाई के लिए मृतक की पीएम रिपोर्ट का भी इंतजार है। परिजन का कहना है कि रात में जो आरोपी चावल चोरी कर ले जा रहे थे, उन्हीं ने विवाद के बाद पूर्व सरपंच की हत्या कर दी है।