
बाराबंकी में आग लगने से जली कार।PC: वीडियो ग्रैब
Barabanki Road Accident: सफदरगंज थाना क्षेत्र में रविवार को चलती कार में अचानक लगी भीषण आग की चपेट में आने से चालक की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, शार्ट सर्किट की वजह से वाहन में अचानक आग भड़क उठी, जिसके बाद सेंट्रल लॉकिंग सिस्टम के लॉक हो जाने के कारण चालक बाहर नहीं निकल सका। पुलिस और दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक चालक की जान जा चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राजनारायण वर्मा (50) के रूप में हुई है, जो पेशे से मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (MR) थे। रविवार सुबह करीब 10:30 बजे वह अपनी वैगन-आर कार से जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर सफदरगंज क्षेत्र के बघौरा गांव के पास पहुंचे ही थे कि अचानक कार में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई।
कार में आग लगते ही उसका इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम ठप हो गया, जिससे वाहन के चारों दरवाजे और खिड़कियां लॉक हो गईं। ड्राइविंग सीट पर बैठे राजनारायण ने दरवाजा खोलकर बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन सेंट्रल लॉकिंग सिस्टम के कारण दरवाजे नहीं खुले। धुएं और आग की लपटों के बीच कार में ही फंसे रहने से कुछ ही देर में उन्होंने दम तोड़ दिया।
कार से उठती ऊंची लपटें देखकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। उन्होंने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया और खुद ही पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश में जुट गए। जब तक दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तब तक ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था। हालांकि, तब तक राजनारायण का शरीर बुरी तरह जल चुका था।
सफदरगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और मामले की प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।
Updated on:
23 Aug 2026 02:18 pm
Published on:
23 Aug 2026 02:11 pm
