यूपी के बरेली में 500 रुपये की शर्त लगाकर सहायक वाणिज्य प्रबंधक (Assistant Commercial Manager) को जोरदार तमाचा जड़ने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दो दोस्तों के बीच बातों ही बातों में शर्त लग गई कि एक को मंडल रेल प्रबंधक के ऑफिस में घुसकर असिस्टेंट कमर्शियल मैनेजर (ACM) को थप्पड़ जड़ सकता है। शर्त लगाते ही युवक ताव में आया और सीधा ऑफिस में घुस गया। इसके बाद उसने आव देखा न ताव सीधे एसीएम को जोरदार तमाचा जड़ दिया। युवक के थप्पड़ जड़ते ही ऑफिस में हड़कंप मच गया। ऑफिस के कर्मियों ने युवक को मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद युवक को पुलिस को सौंपते हुए सरकारी कार्य में बाधा डालने, धमकी देने समेत अन्य धाराओं के एफआईआर दर्ज कराई गई।