
बांग्लादेशी आरोपी गिरफ्तार (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Bemetara Crime News: बेमेतरा जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सिंघौरी में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद सुमोन खान (24), निवासी दिनाजपुर, बांग्लादेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह बिना वैध पासपोर्ट और वीजा के भारत में दाखिल हुआ था और फर्जी दस्तावेजों के सहारे कई राज्यों में चोरी और नकबजनी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के मार्गदर्शन में साइबर सेल की तकनीकी जांच के दौरान आरोपी की पहचान सामने आई। पूछताछ में पता चला कि उसने कर्नाटक से फर्जी आधार और पैन कार्ड बनवा रखे थे। इन दस्तावेजों के आधार पर वह खुद को भारतीय नागरिक बताता था। पुलिस के मुताबिक मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और कर्नाटक में उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी और आम्र्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी बर्तन बेचने के बहाने अलग-अलग शहरों और गांवों में घूमता था। इसी बहाने वह किराए का मकान लेकर दिन में आसपास के क्षेत्रों की रेकी करता और रात में चोरी की वारदात को अंजाम देता था। पुलिस को आशंका है कि उसके साथ अन्य अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिक भी जुड़े हो सकते हैं। मामले की कडिय़ां जोडऩे के लिए पुलिस ने देश के 14 प्रमुख जिलों की पुलिस से संपर्क किया है।
आरोपी के खिलाफ बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली और राजनांदगांव में करीब सात मामले दर्ज बताए गए हैं। वर्ष 2019 में बेमेतरा और कवर्धा, 2022 में राजनांदगांव में चोरी के मामले सामने आए थे। कर्नाटक में लूट और नागपुर में आम्र्स एक्ट के मामले में भी वह जेल जा चुका है। जुलाई 2026 में जेल से रिहा होने के बाद उसने बेमेतरा में फिर चोरी की वारदात की।
पुलिस ने मकान मालिकों से बाहरी लोगों को किराए पर रखने से पहले अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने की अपील की है। संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी पुलिस के टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 पर देने की अपील की गई है। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
Updated on:
19 Aug 2026 09:56 am
Published on:
19 Aug 2026 09:55 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
