
बेमेतरा से रायपुर बस किराया में बढ़ोतरी (Photo Patrika)
Chhattisgarh Bus Fare Hike: शक्कर, गेहूं, चावल और दाल के दामों के बीच अब बस किराए में बढ़ोतरी ने आम यात्रियों का बजट बिगाड़ दिया है। परिवहन विभाग की नई अधिसूचना के अनुसार, साधारण बसों का किराया 1.25 रुपए प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 1.75 रुपए कर दिया गया है। यानी प्रति किलोमीटर 50 पैसे की वृद्धि हुई है, जो करीब 40 प्रतिशत है। नई दरें लागू होने से लंबी दूरी के यात्रियों के साथ रोजाना नौकरी और पढ़ाई के लिए सफर करने वालों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
नई दरों के अनुसार, साधारण बस में पहले पांच किलोमीटर के लिए 10 रुपए और इसके बाद प्रति किलोमीटर 1.75 रुपए किराया निर्धारित किया गया है। डीलक्स बस में पहले पांच किलोमीटर के लिए 12 रुपए और आगे 2.20 रुपए प्रति किलोमीटर देने होंगे। डीलक्स एसी स्लीपर व सेमी-स्लीपर का किराया 3.20 रुपए तथा वोल्वो और सुपर लग्जरी एसी बसों का किराया 3.30 रुपए प्रति किलोमीटर तय किया गया है। रात्रिकालीन साधारण बस सेवाओं में 10 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगेगा।
अधिसूचना में नेत्रहीन, गंभीर रूप से दिव्यांग, 80 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों, एचआईवी पीडि़तों और अधिसूचित अन्य श्रेणियों के लिए किराए में छूट का प्रावधान किया गया है। हालांकि, सामान्य यात्रियों को बढ़े हुए किराए का भुगतान करना होगा।
बेमेतरा से रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव और आसपास के शहरों में नौकरी, पढ़ाई व कारोबार के लिए प्रतिदिन आने-जाने वाले यात्रियों पर इसका सीधा असर पड़ेगा। ग्रामीण क्षेत्रों से जिला मुख्यालय पहुंचने वाले विद्यार्थियों और कम आय वाले कामकाजी लोगों का मासिक यात्रा खर्च भी बढ़ेगा। पहले से महंगी खाद्य सामग्री और दूसरी जरूरी वस्तुओं के बीच किराया बढऩे से घरेलू बजट पर दबाव बढऩा तय है।
बेमेतरा से रायपुर: पहले करीब 70 रुपए, अब लगभग 125 रुपए।
बेमेतरा से दुर्ग: पहले करीब 80 रुपए, अब 120 से 125 रुपए।
बेमेतरा से कवर्धा: पहले 70 रुपए, अब 80 से 85 रुपए।
बेमेतरा से भाटापारा: पहले करीब 60 रुपए, अब लगभग 80 रुपए।
बेमेतरा से बिलासपुर: नई प्रति किलोमीटर दर के आधार पर किराया तय होगा।
नई किराया दरें लागू कर दी गई हैं। बस संचालकों को किराया सूची चस्पा करने के निर्देश दिए गए हैं।
किशन लाल माहौर, जिला परिवहन अधिकारी बेमेतरा
Updated on:
13 Oct 2026 08:18 am
Published on:
13 Oct 2026 08:18 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
