
मध्य प्रदेश के सीएम ने भेजी पांच करोड़ की राशि (फोटो सोर्स: ANI)
MP News: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नेतृत्व वाली केंद्र की भाजपा सरकार के बेमिसाल 11 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में मोहन सरकार प्रदेशवासियों को बड़ी सौगातें देगी। इन सौगातों के निर्णय मंगलवार को होने वाली कैबिनेट बैठक(MP Cabinet Meeting) में लिए जा सकते हैं। इनमें सबसे अहम मंडियों में आयतित तुअर दाल पर लगने वाले मंडी टैक्स को हटाया जा सकता है।
इसके साथ ही अग्निवीर को पुलिस भर्ती में कुछ प्रतिशत तक आरक्षण देने संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दी जा सकती है। सबकुछ ठीक रहा तो पदोन्नति की नई नीति के प्रस्ताव पर भी चर्चा हो सकती है। इसके अलावा सत्ता और संगठन के स्तर पर भी कार्यक्रम होने है, मुख्यमंत्री इनमें भी जनता की सहूलियत वाली घोषणाएं कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव(CM Mohan Yadav) की मंशा के अनुरूप मंगलवार को ऊर्जा समिट आयोजित की गई है। इसमें 500 से अधिक किसान और निवेशक हिस्सा ले रहे हैं। यह आयोजन कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में होना है। इसमें सीएम और अफसर मौजूद रहेंगे। समिट में किसानों व निवेशकों को सौर ऊर्जा आधारित कृषि फीडर स्थापित करने में मदद की गारंटी दी जानी है, इसी कार्यक्रम में किसानों के लिए नई सौगातें भी दी जा सकती है।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र की भाजपा सरकार के 11 साल पूरे होने के मौके पर प्रदेश भाजपा ने भी एक महीने तक नई शुरुआत करने का निर्णय लिया है। जिसको लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा संयुक्त रूप से प्रदेश भाजपा कार्यालय में जनता के लिए जनकल्याण की बात करेंगे। इसके अलावा संगठनात्मक अभियान की शुरूआत की जाएगी। इसके तहत भाजपा के सांसद, विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि घर-घर तक जाएंगे और केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां बताएगी। सत्ता व संगठन ने इस मौके पर जनसेवा से जुड़े अलग-अलग प्रकल्पों के तहत काम करने का निर्णय भी लिया है।
शहडोल के ब्यौहारी में राज्य स्तरीय कोल जनजातीय सम्मेलन में सीएम ने कहा कि 4 करोड़ को पक्के आवास दिए गए हैं। जो लोग छूट गए हैं, उनका भी सर्वे कर पक्के आवास देने का कार्य सरकार करेगी। जनप्रतिनिधियों की मांग पर सीएम ने शहडोल मेडिकल कॉलेज में बिरसा मुंडा व बाणसागर जलाशय में बाणभट्ट की प्रतिमा लगाने की घोषणा की।
Updated on:
10 Jun 2025 08:19 am
Published on:
10 Jun 2025 08:19 am
