
भोपाल. देश के दो बड़े शहरों में मुंबई जैसा पुलिस सिस्टम विकसित किया जा रहा है. मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल और इंदौर में मुंबई की तर्ज पर पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू की जाएगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खुद यह ऐलान किया है. सरकार पहले भी इसे लागू करने की घोषणा कर चुकी है पर तब विरोध के बाद फैसला वापस ले लिया गया था.
प्रदेश की राजधानी भोपाल और व्यवसायिक राजधानी इंदौर में पुलिस कमिश्नर सिस्टम लागू करने को लेकर करीब एक दशक से बात चल रही थी। इस संबंध में पहले जब सरकार ने घोषणा की तो IAS लॉबी ने इसका पुरजोर विरोध कर दिया. इसके बाद सरकार को बैकफुट पर आकर फैसला वापस लेना पड़ा था।
अपराधों पर अंकुश के लिए पुलिस कमिश्नर प्रणाली को अधिक प्रभावी माना जाता है। यही कारण है कि देश के ज्यादातर महानगरों में यही सिस्टम लागू है। इसमें पुलिस के पास अपराध नियंत्रण के ज्यादा अधिकार होता है और पुलिसिया तंत्र भी बेहतर होता है। वर्तमान व्यवस्था में पुलिस अधीक्षक को कलेक्टर यानि ज्यादातर जिलों में आईएएस के मातहत काम करना पड़ता है।
Published on:
21 Nov 2021 12:05 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
