
बंगाल की जिन सीटों पर सीएम मोहन ने किया प्रचार, जानें उनके ताजा हाल (Photo Source- Patrika)
West Bengal Election Result 2026: पश्चिम बंगाल के साथ - साथ देश के पांच राज्यों हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आने लगे हैं। इसके लिए काउंटिंग प्रक्रिया जारी है। देशभर में सबसे ज्यादा चर्चित चुनाव बंगाल का है। पिछले 15 साल से मुख्यमंत्री रहने वाली ममता बनर्जी ने फिर सत्ता में आने का दावा किया तो वहीं, भाजपा राज्य में सत्ता परिवर्तन का दावा करती रही। हालांकि, अब तक के रुझानों पर गौर करें तो भारतीय जनता पार्टी टीएमसी से खास बढ़त बनाए हुए है। बीजेपी ने बहुमत का आंकड़ा तक पार कर लिया है। इस बार चुनाव में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी धुआंधार प्रचार किया। ऐसे में जानते हैं उन सीटों के क्या मौजूदा हाल हैं, जहां मुख्यमंत्री प्रचार में उतरे थे।
सीएम मोहन यादव कोलकाता की कमरहाटी, मेदिनीपुर की खड़गपुर सदर और बांकुरा विधानसभा सीट पर प्रचार करने गए थे। कमरहाटी से बीजेपी प्रत्याशी अरुप चौधरी आगे चल रहे हैं। मेदिनीपुर जिले की खड़गपुर सदर विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी दिलीप घोष भी आगे चल रहे हैं। वहीं, बांकुरा विधानसभा सीट से भी भाजपा कैंडिडेट नीलाद्रि शेखर दाना आगे चल रहे हैं। यानी इन तीनों सीटों पर ही भाजपा अबतक बढ़त में है।
वहीं, मोहन सरकार के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि, पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु में भाजपा का काफी अच्छा प्रदर्शन रहने वाला है। उनके मुताबिक, एग्जिट पोल ने भी यही संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि, बंगाल में अब दीदी युग समाप्त होने जा रहा है और जनता नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार बनाने के पक्ष में है। उन्होंने दावा किया कि, असम में बीजेपी सरकार बनाएगी और बंगाल में भी प्रचंड बहुमत हासिल करेगी।
पश्चिम बंगाल में बीजेपी 150 का आंकड़ा पार कर गई है। टीएमसी का ग्राफ लगातार नीचे गिरते जा रहा है। बीजेपी 92 सीटों पर आ गई है। दो घंटे की काउंटिंग पूरी हो गई है। बंगाल की राजनीति में बड़ा उलटफेर होते नजर आ रहा है। माना जा रहा है कि बीजेपी इतिहास बनाने की ओर है। टीएमसी, बीजेपी से काफी पीछे हो गई है। कोलकाता फोर्ट से ममता बनर्जी के करीबी फिरहाद हाकिम पीछे हैं। यहां तक कि ममता बनर्जी भी पिछड़ गई हैं। नंदीग्राम और भबानीपुर दोनों ही विधानसभा सीटों पर सुवेंदु अधिकारी लीड कर रहे हैं।
आपको बता दें कि कोलकाता जिले की कमरहाटी सीट से बीजेपी प्रत्याशी अरूप चौधरी, टीएमसी उम्मीदवार मदन मित्रा, मेदिनीपुर जिले की खड़गपुर सदर से भाजपा प्रत्याशी दिलीप घोष, टीएमसी उम्मीदवार प्रदीप सरकार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, बांकुरा विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी नीलाद्रि शेखर दाना, टीएमसी उम्मीदवार डॉ. अनूप मंडल, कांग्रेस से अरूप बनर्जी और सीपीआई-एम से अवोयानंद मुखोपाध्याय चुनावी मैदान में हैं।
Published on:
04 May 2026 11:32 am
