
Drishyam 3 Screenwriter Aamil Keeyan Khan: बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन (Ajay Devgn) की ब्लॉकबस्टर सस्पेंस थ्रिलर फिल्म 'दृश्यम 3: द कन्क्लूजन' (Drishyam 3: The Conclusion) बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड कायम कर रही है। महज तीन दिनों में दुनिया भर में 272 करोड़ से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी इस फिल्म की कहानी और इसके क्लाइमेक्स की हर तरफ तारीफ हो रही है। इसी बीच फिल्म के राइटर आमिल कियान खान (Aamil Keeyan Khan) ने एक खुलासा किया है उन्होंने बताया कि इस फ्रेंचाइजी के आखिरी चैप्टर को लिखने में कितना समय लगा और क्या दिक्कतें आईं।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, आमिल कियान खान ने 'दृश्यम 3' को लेकर बताया कि दर्शकों को तीसरी बार सरप्राइज करना एक बहुत बड़ा पहाड़ चढ़ने जैसा था। उन्होंने कहा, "आपके पास एक बेहद फेमस फ्रेंचाइजी और एक ऐसा परिवार है, जिसे दर्शक सालों से प्यार करते आए हैं। पहली फिल्म में विजय सलगांवकर एक कोरी स्लेट की तरह थे, लेकिन अब दर्शक उनका दिमाग पढ़ना सीख चुके हैं। वह जानते हैं कि उनके पास हर मुसीबत का हल है। ऐसे में 'दृश्यम' के डीएनए (ह्यूमर, परिवार, इमोशन और थ्रिल) को बचाते हुए एक फ्रेश और ओरिजिनल स्क्रिप्ट लिखना सबसे बड़ी चुनौती थी।"
आमिल ने खुलासा किया कि सही कहानी तक पहुंचने के लिए उन्हें बेहद कड़े रीराइटिंग प्रोसेस से गुजरना पड़ा। "मेरे लैपटॉप में ड्राफ्ट के अंदर ड्राफ्ट हैं, जिनके नाम 'FINAL 2', 'FINAL FINAL' और यहां तक कि 'FINAL PLEASE GOD' तक रखे गए थे। मैंने आसानी से 100 से ज्यादा अलग-अलग ड्राफ्ट लिखे, जिसके बाद हम इस परफेक्ट स्क्रिप्ट तक पहुंच पाए।"
फिल्म के मेकर्स ने बड़े ट्विस्ट को लीक होने से बचाने के लिए बेहद सख्त कदम उठाए। आमिल ने बताया कि निर्देशक अभिषेक पाठक (Abhishek Pathak) ने प्रोडक्शन को ठीक उसी तरह चलाया जैसे विजय सलगांवकर अपना केस चलाते हैं- पूरी तरह सीक्रेट!
क्लाइमेक्स की स्क्रिप्ट क्रू मेंबर्स और ज्यादातर स्टारकास्ट को भी नहीं दी गई थी। टीम के लोगों को सिर्फ उतनी ही जानकारी दी जाती थी जितनी सीन शूट करने के लिए जरूरी होती थी। आमिल ने मजाकिया अंदाज में कहा, "मेरे दोस्तों, रिश्तेदारों और यहां तक कि फिल्म के क्रू ने भी क्लाइमेक्स जानने के लिए मुझे रिश्वत देने की कोशिश की, लेकिन मैं सब इंस्पेक्टर गायतोंडे की तरह मेकर्स के लिए वफादार रहा।"
दर्शकों को सरप्राइज करने की यह मेहनत अब बॉक्स ऑफिस पर रंग ला रही है। फिल्म ने रिलीज के महज तीन दिनों के भीतर भारत में 150 करोड़ से अधिक का नेट कलेक्शन कर लिया है। सैकनिल्क (Sacnilk) के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने रविवार (4 अक्टूबर) को भारत में रिकॉर्ड तोड़ 61 करोड़ का नेट कलेक्शन किया।
ओवरसीज में 61 करोड़ के ग्रॉस कलेक्शन के साथ 'दृश्यम 3: द कन्क्लूजन' का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 272.80 करोड़ तक पहुँच गया है, जो इस फ्रेंचाइजी के लिए एक नया इतिहास है।
Updated on:
05 Oct 2026 09:50 am
Published on:
05 Oct 2026 09:36 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
