12 अक्टूबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘कुली’ की शूटिंग के दौरान अमिताभ बच्चन के साथ हुए हादसे पर एक्शन डायरेक्टर ने दिया बयान, बोले- इतने बड़े सुपरस्टार को मार दिया

Amitabh Bachchan Coolie Accident: अभिनेता अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म 'कुली' की शूटिंग के दौरान हुए हादसे पर एक्शन डायरेक्टर पप्पू वर्मा ने बयान दिया है। पप्पू ने सालों बाद इस मामले पर क्या कुछ खुलासा किया है, चलिए जानते हैं।
2 min read
Google source verification
Amitabh Bachchan Coolie Accident

अमिताभ बच्चन कूली फिल्म से (फोटो सोर्स- IMDb)

Amitabh Bachchan Coolie Accident:अमिताभ बच्चन के करियर में साल 1982 का ‘कुली’ हादसा सबसे दर्दनाक घटनाओं में गिना जाता है। इस हादसे में अभिनेता को गंभीर चोट लगी थी और उन्हें लंबे समय तक अस्पताल में रहना पड़ा था। अब फिल्म के फाइट डायरेक्टर रहे पप्पू वर्मा ने उस घटना को लेकर कई अहम बातें साझा की हैं। यूट्यूबर राजीव चौधरी को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि हादसे से पहले ही सेट पर एक स्टंटमैन घायल हो चुका था और बाद में पुनीत इस्सर के साथ फाइट सीन की शूटिंग के दौरान अमिताभ बच्चन को गंभीर चोट लगी।

हादसे से पहले घायल हुआ था स्टंटमैन

पप्पू वर्मा के मुताबिक, उस दिन सेट पर पहला हादसा स्टंटमैन शक्ति के साथ हुआ था। फाइट सीन के दौरान उन्हें मुक्का लगा, जिससे उनकी आंख में गंभीर चोट आई और उन्हें दो टांके लगाने पड़े। इसके बाद शाम को अमिताभ बच्चन और पुनीत इस्सर के बीच एक सोलो फाइट सीन शूट किया जा रहा था।

वर्मा ने बताया कि इस सीन के दौरान पुनीत इस्सर का मुक्का सीधे अमिताभ बच्चन के शरीर के संवेदनशील हिस्से पर जा लगा। इसके बाद अमिताभ को गंभीर चोट आई और मामला काफी चिंताजनक हो गया।

क्यों बनाई गई थी हादसे की दूसरी कहानी?

पप्पू वर्मा ने बताया कि उस समय टीम के सामने एक और बड़ी चिंता पुनीत इस्सर के करियर को लेकर थी। पुनीत उस फिल्म से अभिनय की शुरुआत कर रहे थे। ऐसे में अगर यह बात सामने आती कि उनकी पहली फिल्म में उनके मुक्के से इतने बड़े सुपरस्टार अमिताभ बच्चन गंभीर रूप से घायल हो गए, तो इसका असर उनके करियर पर पड़ सकता था।

वर्मा के अनुसार, अगले शॉट में अमिताभ को एक टेबल के ऊपर से जाना था। इसलिए टीम ने यह कहानी बताने का फैसला किया कि अभिनेता टेबल से गिरने के कारण घायल हुए थे। उन्होंने बताया कि निर्देशक मनमोहन देसाई ने भी टीम को असली घटना के बारे में चर्चा न करने के लिए कहा था। हालांकि, बाद में मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए हादसे की कई जानकारियां सामने आईं।

छह महीने बाद दोबारा शुरू हुई शूटिंग

हादसे के बाद अमिताभ बच्चन को लंबे समय तक अस्पताल में रहना पड़ा। पप्पू वर्मा के मुताबिक, अभिनेता करीब छह महीने तक अस्पताल में रहे और पूरी तरह ठीक होने के बाद ही फिल्म की शूटिंग दोबारा शुरू की गई।

वर्मा ने बताया कि हादसे के बाद मनमोहन देसाई ने सेट पर सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि आगे से फाइट सीक्वेंस में पेट पर मुक्का नहीं मारा जाएगा। शूटिंग के लिए चांदीवली में सेट भी तैयार किया गया, जहां फिल्म के बाकी एक्शन सीन पूरे किए गए।

‘कुली’ का यह हादसा अमिताभ बच्चन के जीवन और करियर का बेहद महत्वपूर्ण दौर रहा। दशकों बाद भी इस घटना को लेकर सामने आने वाले किस्से उस समय सेट पर मौजूद लोगों की चिंता और फिल्म की शूटिंग के दौरान बरती गई सावधानियों की याद दिलाते हैं।