
जेमी लिवर करेगी चैरिटी शो (Photo Source- Instagram/its_jamielever)
Comedian And Actor Jamie Lever: मशहूर कॉमेडियन जॉनी लीवर की बेटी और टैलेंटेड आर्टिस्ट जेमी लीवर (Jamie Lever) मनोरंजन जगत में अपनी एक अलग पहचान बना चुकी हैं। यूके से मार्केटिंग कम्युनिकेशंस में मास्टर्स कर चुकीं जेमी सिर्फ कॉमेडी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वह क्लासिकल म्यूजिक में भी ट्रेंड हैं। अब जेमी आने वाली 16 अक्टूबर को मुंबई के नेहरू सेंटर में अपना फेमस ट्रेडमार्क 'द जेमी लीवर शो' पेश करने जा रही हैं। यह शो 'अलर्ट इंडिया' (ALERT-India) संस्था के लिए एक चैरिटी इवेंट होगा। जिससे होने वाली सारी कमाई कुष्ठ रोग, टीबी और HIV जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद मरीजो के इलाज के लिए दी जाएगी।
जेमी ने बताया कि जब संस्था की मैनेजर वीरा राव ने उन्हें इस कॉज के लिए अप्रोच किया, तो उन्होंने तुरंत हां कह दिया। जेमी ने कहा, "मेरे पापा जॉनी लीवर ने भी समाज कल्याण और जरूरतमंदों की मदद के लिए कई शो किए हैं। वह हमेशा लोगों की आर्थिक मदद और प्रार्थना के लिए आगे रहते हैं। मुझे बहुत खुशी है कि मैं उनके नक्शेकदम पर चल पा रही हूं। नेहरू सेंटर वही जगह है जहां मेरा पहला शो हुआ था, इसलिए यहां दोबारा शो करना बेहद खास है।"
अपने इस शो के बारे में बात करते हुए जेमी ने बताया कि यह 8 साल के बच्चे से लेकर 80 साल के बुजुर्गों तक के लिए एक सम्पूर्ण पारिवारिक शो है। इसमें कोई अश्लीलता नहीं होगी। शो में जेमी की शानदार मिमिक्री के साथ-साथ संगीत का तड़का भी देखने को मिलेगा। वह उषा उत्थुप, इला अरुण, आशा भोसले, श्रेया घोषाल और सुनिधि चौहान जैसी मशहूर गायिकाओं की मिमिक्री करेंगी।
लता मंगेशकर जी की मिमिक्री न करने के सवाल पर जेमी ने बहुत ही सम्मानजनक लहजे में कहा कि लता जी बहुत महान हैं और वह उनकी ऊंचाइयों को छूने का सपना भी नहीं देख सकतीं।
बहुत कम लोग जानते हैं कि जेमी एक ट्रेंड क्लासिकल सिंगर हैं। उन्होंने स्वर्गीय उस्ताद भूरे खान साहब (मशहूर हारमोनियम वादक) से संगीत सीखा है। जेमी मानती हैं कि संगीत की इस ट्रेनिंग ने उन्हें जीवन में अनुशासन और टाइमिंग सिखाई, जो आज उनकी कॉमेडी और सेंस ऑफ ह्यूमर में काम आती है।
अपने करियर के शुरुआती दौर को याद करते हुए जेमी ने बताया कि शुरुआत में उनके पिता जॉनी लीवर उन्हें लेकर काफी प्रोटेक्टिव थे और सोचते थे कि वे इस फील्ड में कैसे सर्वाइव करेंगी। लेकिन 2011 में लंदन के वॉटफ़ोर्ड कोलोसियम में जब 10 मिनट के स्टैंड-अप एक्ट पर जेमी को स्टैंडिंग ओवेशन मिला, तो उनके पिता ने खुशी-खुशी उन्हें अपना सपना पूरा करने की इजाज़त दे दी। जेमी अपने चाचा जिमी मोसेस को अपना मेंटर मानती हैं, जो उनके शो की स्क्रिप्ट और कांसेप्ट्स को निखारने में पूरी मदद करते हैं।
कपिल शर्मा के साथ 'किस किसको प्यार करूं' और हाल ही में 'मटका किंग' में अपने सीरियस रोल से तारीफें बटोर चुकीं जेमी आने वाले समय में काफी बिजी हैं। 10 अक्टूबर को उनका दुबई में शो है, जिसके बाद वह इंडिया टूर करेंगी। इस साल के आखिर तक उनका ओरिजिनल म्यूजिक सिंगल भी रिलीज हो रहा है। इसके अलावा, जनवरी 2027 में फिल्म 'हीरो की हीरोइन' रिलीज होगी, जिसमें वह गोविंदा के बेटे यश आहूजा के बेस्ट फ्रेंड का रोल निभा रही हैं।
Updated on:
27 Sept 2026 10:09 am
Published on:
27 Sept 2026 09:37 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
