
Salman_Khan
टीवी रियलिटी शो बिग बॉस-11 के लिए तैयार बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान का कहना है कि उन्हें सभी प्रतियोगियों से अच्छे व्यवहार की उम्मीद है। शो के लॉन्च पर मंगलवार को उपस्थित हुए फिल्म अभिनेता ने कहा, 'मैं चाहता हूं कि हर कोई सही व्यवहार करे। मुझे पता है कि यह आसान नहीं है, जहां सभी प्रतियोगी अलग-अलग पृष्ठभूमि से होते हैं और पहली बार मिलते हैं और जहां, दोस्ती, राजनीति और मुश्किल हालात से निपटना होता है। फिर भी, उन्हें अच्छे से पेश आना चाहिए।'
उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि बहुत से लोग अपने करियर को नया जीवन देने के लिए इस शो में आते हैं और अगर वे लोगों के साथ लड़ाई और दुव्र्यवहार करेंगे तो उद्योग के पेशेवर उनके साथ काम करना पसंद नहीं करेंगे।' इस बारे में पूछे जाने पर कि क्या उन्हें लगता है कि खेल में किसी नियम को बदलने की जरूरत है, तो उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि पहले सप्ताह में ही एलिमिनेशन सही नहीं है क्योंकि लोगों को एक-दूसरे से घुलने-मिलने में कुछ समय लगता है।' लोकप्रिय रियलिटी शो बिग बॉस-11 टेलीविजन चैनल कलर्स पर 1 अक्टूबर से शुरू होगा।
'बिग बॉस 11' को मनोरंजन से भरपूर बता रहे सलमान
आगामी 'बिग बॉस 11' के मेजबान के रूप में लौट रहे बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान का कहना है कि विवादास्पद रियलिटी शो एक पूर्ण मनोरंजन पैकेज होगा। आगामी सीजन का विषय पड़ोसियों के इर्द-गिर्द घूमता है। सलमान ने कहा,'हम सभी के हर तरह के पड़ोसी होते हैं, उनमे से कुछ के साथ अद्भुत यादें होती हैं और कुछ के साथ अच्छी यादें नहीं होती हैं।'
उन्होंने कहा, 'बिग बॉस' एक ऐसा शो है, जिसका इंतजार लोग बेशब्री से मेरी फिल्मों के साथ करते हैं और हर साल की तरह मैं इस बार भी बिग बॉस हाउस में नए प्रतियोगियों का स्वागत करने के लिए उत्साहित हूं। 'पड़ोसीज' और 'घरवाले' नया विषय है और दर्शकों के लिए यह पूर्ण मनोरंजन पैकेज होगा।' यह मंगलवार को लॉन्च हुआ। इसका प्रसारण टेलीविजन चैनल कलर्स पर एक अक्टूबर से होगा।
Published on:
27 Sep 2017, 5:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.