रेबारपुरा व पचीपला के पास बालाजी का खाळ डूबने से पचीपला डांगाहेडी होकर बूंदी लाखेरी को जोड़ने वाला मार्ग बंद रहा इधर लक्ष्मीपुरा खाळ की पुलिया जलमग्न होने से नोताडा आने का रास्ता बंद रहा। वही डपटा खाळ की पुलिया जलमग्न होने से लबान स्टेशन होकर कोटा दोसा मेगा हाइवे तक पहुंचने का मार्ग अवरुद्ध रहा। तीनों तरफ खाळ उफान (IMD Rain Alert) पर रहने से रेबारपुरा, लक्ष्मीपुरा, पाडली, ढगारिया, प्रतापगढ़, डपटा, डडवाडा गांव के लोगों को इधर-उधर निकलने के लिए पानी उतरने का इंतजार करना पड़ा। उधर, कोटा शहर में दोपहर बाद जोरदार बारिश हुई। इससे शहर की सड़कें लबालब गई। कई घरों में पानी भर गया। मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे में 46.1 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं श्रीगंगानगर में 50 मिनट में 23 मिमी बरसात हुई। दौसा जिले के लालसोट में 24 घंटे में 117 मिमी बरसात हुई। मौसम केंद्र जयपुर की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में एक सप्ताह मानसून सक्रिय फेज में रहेगा। ज्यादातर जिलों में तेज बरसात के आसार है। 18 और 19 जुलाई को जयपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर व भरतपुर संभाग के जिलों में तेज बरसात हो सकती है।