
Cultural Program Lavani :मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के अंतर्गत आने वाले शाहपुर के आदर्श मराठा ग्राउंड में दीपावली के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम लावणी अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ गया। दरअसल, कार्यक्रम में महाराष्ट्र की प्रसिद्ध नृत्यांगना गौतमी पाटिल अपने साथ महाराष्ट्रियन महिला कलाकारों की टीम लेकर आईं थीं, जिनकी शानदार प्रस्तुति देख मैदान में मौजूद हजारों लोगों की भीड़ बेकाबू हो गई। हालात ये हो गए कि डांस पर झूमती हुई भीड़ करीब 10 फीट ऊंचे मंच तक कलाकारों के बीच चढ़ आई। इस दौरान शुरुआत में तो पुलिस जवान लोगों के साथ खासा जद्दोजहद करते नजर बाद बाद में वो भी यहां वहां बेबस खड़े दिखे।
आपको बता दें कि आयोजन के दौरान मंच पर गौतमी पाटिल और उनकी टीम ने मराठी गीतों पर लावणी डांस पर लोगों का खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम में गौतमी पाटिल का लावणी डांस देखने के लिए बुरहानपुर या उसके आसपास के इलाकों से ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र तक से हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए थे।
देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल यानी मराठा ग्राउंड में अनुमान तीन-चार गुना अदिक भीड़ आ गई, जिसके चलते कार्यक्रम में अव्यवस्था फैल गई। शुरुआत में तो लोगों ने डांस का लुत्फ उठाया, लेकिन जैसे जैसे रात गहराती गई, भीड़ बेकाबू होने लगी। डांस देखने आए लोगों ने मंच से दूरी बनाए रखने के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग ही तोड़ दी। कई लोग तो स्टेज पर भी चढ़ गए। मंच पर चढ़ा हर कोई डांसर्स के साथ नाचने को उत्सुक था। देखते ही देखते हालात ये हो गए कि बेकाबू भीड़ को देखकर आयोजक ही नहीं, बल्कि पुलिस तक के पसीने छूट गए। इसी अफरातफरी के बीच भीड़ में फंसकर एक बच्चे की तबियत बिगड़ गई।
हंगामे की सूचना लगते ही शाहपुर थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा बेकाबू भीड़ के बीच में घुसे और जैसे तैसे भीड़ के बीच बुरी तरह फंसकर अचेत हुए बच्चे को भीड़ निकालकर बाहर लाए। यही नहीं, कार्यक्रम की व्यवस्था में तैनात एक पुलिस अधिकारी की भी भीड़ में फंसने से तबियत बिगड़ गई। अन्य पुलिस जवान उन्हें भी खुले स्थान की ओर लेकर आए तब कहीं जाकर पुलिसकर्मी की सांसे सामान्य हो सकीं।
बताते चलें कि, इस सांस्कृतिक लावणी कार्यक्रम में क्षेत्रीय भाजपा विधायक और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अर्चना चिटनिस, शाहपुर नगर परिषद अध्यक्ष साधना तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.मनोज माने, अमित मिश्रा समेत अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए थे।
Updated on:
4 Nov 2024, 3:39 PM IST
Published on:
4 Nov 2024, 3:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.