
इंदौर-इच्छापुर हाईवे - Demo Pic-image credit AI Grok
Burhanpur : एमपी का एक राष्ट्रीय राजमार्ग प्रोजेक्ट कई शहरों के लिए सौगात बनकर आ रहा है। इससे न केवल प्रदेश में आवागमन आसान होगा बल्कि दक्षिणी राज्यों के लिए सफर में भी सुविधा हो जाएगी। इंदौर-इच्छापुर हाईवे (राष्ट्रीय राजमार्ग) प्रोजेक्ट से यह बदलाव होगा। इसके लिए तेजी से काम चल रहा है। इंदौर-इच्छापुर हाईवे राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण में बाधा बन रहे अतिक्रमणों पर बुरहानपुर में कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम ने सोमवार को कई कब्जे हटाए।
इंदौर-इच्छापुर राष्ट्रीय राजमार्ग को फोर-लेन (4 लेन) में बदला जा रहा है। करीब 1000 करोड़ का यह प्रोजेक्ट जल्द पूरा होने की कगार पर है। इंदौर-इच्छापुर राष्ट्रीय राजमार्ग फोर-लेन प्रोजेक्ट से निमाड़ क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इतना ही नहीं, इससे इंदौर से हैदराबाद की दूरी भी कम हो जाएगी जिससे दक्षिणी राज्यों से कनेक्टिविटी सुगम होगी।
इंदौर-इच्छापुर राष्ट्रीय राजमार्ग फोर-लेन प्रोजेक्ट प्रदेश के 4 मुख्य शहरों इंदौर, ओंकारेश्वर, खंडवा और बुरहानपुर का सफर बेहद आसान और सुरक्षित कर देगा। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से इंदौर से ओंकारेश्वर पहुंचने में महज सवा घंटा लगेगा। अभी इसमें करीब ढाई घंटे का समय लगता है।
नेशनल हाइवे का काम तेजी से चल रहा है। इसके लिए टनल का निर्माण किया जा रहा है। खतरनाक सिमरोल और भेरूघाट के रास्तों से राहत देने के लिए पहाड़ों को चीरकर आधुनिक सुरंग (टनल) बनाई जा रहीं हैं।
प्रोजेक्ट के अंतर्गत निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियो के अनुसार इंदौर-इच्छापुर हाईवे डेवलपमेंट परियोजना का काम तेजी से चल रहा है और इसके दिसंबर 2026 तक पूरा होने की संभावना है।
इंदौर-इच्छापुर 4-लेन हाईवे निर्माण और उससे मिलने वाले सड़क संपर्क का बुरहानपुर वासियों को सबसे ज्यादा लाभ मिलेगा। यही कारण है कि यहां प्रोजेक्ट के लिए खासी उत्सुकता है। बुरहानपुर में इंदौर इच्छापुर हाईवे पर हाईवे चौड़ीकरण में बाधा बन रहे अतिक्रमण पर नगर निगम की कार्रवाई भी लगातार चल रही है। सोमवार को प्रशासनिक अमले ने हाईवे किनारे रखी टपरियों को हटाने के साथ ही अवैध अतिक्रमण को भी चिन्हित किया। इसके साथ ही हाईवे पर डिवाइडर निर्माण के लिए मार्किंग की गई।
Updated on:
21 Sept 2026 03:22 pm
Published on:
21 Sept 2026 03:21 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
