
Navin Fluorine के शेयर में 13% की तेजी दर्ज हुई। (फोटो: Freepik)
Axis Securities On Navin Fluorine Stock: केमिकल सेक्टर की प्रमुख कंपनी नवीन फ्लोरीन इंटरनेशनल लिमिटेड (NFIL) के शेयरों में गुरुवार को जबरदस्त तेजी दर्ज हुई। कंपनी का शेयर NSE पर इंट्राडे कारोबार में 14 फीसदी से ज्यादा उछलकर 8,775.50 रुपये के नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। हालांकि, शेयर 13 फीसदी की बढ़त के साथ 8,650 रुपये पर बंद हुआ। जून तिमाही के उम्मीद से बेहतर नतीजों के बाद ब्रोकरेज फर्म्स ने कंपनी पर अपना भरोसा और मजबूत किया है। बेहतर आय, मजबूत मार्जिन और भविष्य की विकास योजनाओं को देखते हुए कई ब्रोकरेज फर्म्स ने टार्गेट प्राइस बढ़ाते हुए 'Buy' रेटिंग बरकरार रखी है।
एक्सिस सिक्योरिटीज ने नवीन फ्लोरीन के शेयर पर 'Buy' रेटिंग बनाए रखते हुए टार्गेट प्राइस 8,000 रुपये से बढ़ाकर 8,600 रुपये कर दिया है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी के सभी कारोबार क्षेत्रों में टिकाऊ विकास की मजबूत संभावनाएं हैं। नई एचएफसी क्षमता, एमपीपी डीबोटलनेकिंग और केमोर्स लिक्विड कूलिंग प्रोजेक्ट्स के चलते आने वाले समय में कंपनी की कमाई को नई गति मिल सकती है। वहीं, जेएम फाइनेंशियल (JM Financial) ने भी टार्गेट प्राइस 8,200 रुपये से बढ़ाकर 9,000 रुपये कर दिया है। ब्रोकरेज का मानना है कि अतिरिक्त आर-32 क्षमता, एएचएफ सुविधा, सीडीएमओ विस्तार और नए प्रोजेक्ट कंपनी के लॉन्ग टर्म विकास को मजबूत करेंगे।
कंपनी ने जून तिमाही में 243.31 करोड रुपये का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट दर्ज किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के 117.16 करोड रुपये की तुलना में 108 फीसदी ज्यादा है। तिमाही आधार पर भी मुनाफा 14.4 फीसदी बढ़ा। ऑपरेशनल रेवेन्यू 44.1 प्रतिशत बढ़कर 1,045 करोड रुपये रहा। इसके अलावा कंपनी के दूसरे सेगमेंट में भी बढ़ोतरी दर्ज हुई।
कंपनी के सीडीएमओ कारोबार से रेवन्यू 82 फीसदी बढ़कर 180 करोड रुपये पर पहुंच गया। हाई परफॉर्मेंस प्रोडक्ट्स (HPP) सेगमेंट का रेवेन्यू 33 फीसदी बढ़कर 540 करोड़ रुपये रहा। स्पेशियलिटी केमिकल्स सेगमेंट के रेवेन्यू में सालाना आधार पर 48 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 325 करोड़ रुपये हो गया।
ऑपरेशनल लेवल पर कंपनी का EBITDA 72 फीसदी बढ़कर 357 करोड रुपये पर पहुंच गया। EBITDA मार्जिन भी 566 बेसिस प्वाइंट बढ़कर 34.2 फीसदी हो गया। प्रबंधन ने अगले एक से दो वर्षों में 30 से 33 प्रतिशत का टिकाऊ ऑपरेशनल EBITDA मार्जिन बनाए रखने का भरोसा जताया है। कंपनी का कहना है कि नई उत्पादन क्षमताओं के चालू होने से ऑपरेशनल प्रॉफिट और बेहतर होगा। मजबूत ऑर्डर बुक, नए प्रोजेक्ट और उत्पादन क्षमता विस्तार के चलते विश्लेषकों को आने वाले वर्षों में भी कंपनी की आय और मुनाफे में तेज वृद्धि की उम्मीद है।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)
Updated on:
06 Aug 2026 04:55 pm
Published on:
06 Aug 2026 04:55 pm
