
SBI के शेयर में गिरावट देखी जा रही है। (PC: AI)
SBI Q1 Profit: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिये हैं। ये बाजार की उम्मीदों से बेहतर रहे हैं। बैंक का शुद्ध मुनाफा 10% बढ़कर 21,121 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। यह आंकड़ा बाजार की उम्मीद 19,052 करोड़ रुपये से काफी बेहतर रहा। पिछले साल की समान तिमाही में बैंक का मुनाफा 19,160 करोड़ रुपये था। सिर्फ मुनाफा ही नहीं, ब्याज से होने वाली कमाई और कर्ज वितरण में भी SBI ने मजबूत परफॉर्म किया है। यही वजह रही कि बैंक के नतीजों को बाजार ने सकारात्मक माना और शेयर में तेजी देखने को मिली।
जून तिमाही में बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) 15% बढ़कर 46,992 करोड़ रुपये हो गई। पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले यह अच्छी बढ़ोतरी है। यह आंकड़ा भी बाजार के अनुमान 46,214 करोड़ रुपये से अधिक रहा। वहीं, बैंक का ऑपरेटिंग प्रॉफिट 10% बढ़कर 33,529 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। यह बताता है कि मुख्य बैंकिंग कारोबार से कमाई मजबूत बनी हुई है।
पहली तिमाही का एक बड़ा सकारात्मक पहलू बैंक के मार्जिन में सुधार रहा। घरेलू नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) बढ़कर 3% हो गया, जो पिछली तिमाही से 7 बेसिस प्वाइंट ज्यादा है। पूरे बैंक का NIM भी बढ़कर 2.86% पर पहुंच गया, जिसमें 5 बेसिस प्वाइंट का सुधार दर्ज किया गया। बाजार को आशंका थी कि जमा पर बढ़ती ब्याज लागत और टर्म डिपॉजिट की री-प्राइसिंग का असर बैंक की कमाई पर पड़ सकता है। लेकिन तिमाही नतीजों में ऐसा दबाव ज्यादा नजर नहीं आया।
SBI ने बताया कि जून तिमाही के दौरान उसका कुल कारोबार 110 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया। बैंक के कुल डिपॉजिट 60 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गए हैं, जबकि कुल एडवांस 50 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गए। पूरे बैंक के एडवांस में सालाना आधार पर 19% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। घरेलू एडवांस 18.15% बढ़े, जबकि विदेशी शाखाओं के एडवांस रुपये के आधार पर 21% और डॉलर के आधार पर 10% बढ़े।
एसबीआई की कर्ज वृद्धि किसी एक सेक्टर तक सीमित नहीं रही। रिटेल, कृषि, MSME और कॉर्पोरेट, सभी प्रमुख कैटेगरीज में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई। RAM (Retail, Agriculture & MSME) एडवांस 18.20% बढ़े और इस कैटेगरी के सभी कारोबारों में डबल डिजिट की ग्रोथ दर्ज की गई। सबसे तेज बढ़ोतरी एग्रीकल्चर लोन में रही, जहां एडवांस 25% बढ़े। इसके बाद MSME सेक्टर में 22% की ग्रोथ दर्ज की गई। रिटेल पर्सनल लोन 15% बढ़े, जबकि कॉर्पोरेट लोन में 18% की बढ़ोतरी हुई।
नतीजे जारी होने के बाद एसबीआई के शेयर में खरीदारी देखने को मिली। दोपहर 2 बजकर 15 मिनट पर बैंक का शेयर एनएसई पर 3.31 फीसदी या 35.90 रुपये की बढ़त के साथ 1120.90 रुपये पर ट्रेड करता दिखा। इस शेयर ने 1 हफ्ते में 9.10 फीसदी, 1 महीने में 7.98 फीसदी, इस साल अब तक 13.83 फीसदी, 1 साल में 39.22 फीसदी और 5 साल में 157 फीसदी रिटर्न दिया है।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)
Updated on:
07 Aug 2026 02:58 pm
Published on:
07 Aug 2026 02:58 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
