
ODI World Cup 2023 : अफगानिस्तान और श्रीलंका के बीच दूसरा वनडे मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया है, लेकिन अफगानिस्तान के लिए यह मैच बड़ी खुशखबरी लेकर आया है। इस मैच के रद्द होने के साथ ही अफगानिस्तान की टीम ने भारत में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप 2023 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। जबकि श्रीलंका के लिए वर्ल्ड कप में सीधे क्वालीफीई करना अब मुश्किल हो गया है। आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप सुपर लीग की प्वाइंट टेबल में इस ड्रॉ के साथ अफगानिस्तान की टीम 7वें पायदान पर पहुंच गई है। अफगानिस्तान के अब 115 अंक हो गए हैं। श्रीलंका के खिलाफ वनडे मैच रद्द होने पर अफगानिस्तान की टीम को 5 प्वाइंट मिले हैं, जिसके चलते उसने वर्ल्ड कप 2023 के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
आईसीसी की ओर से जारी की गई प्वाइंट टेबल में अब श्रीलंका की टीम 10वें पायदान पर पहुंच गई है। श्रीलंका के महज 67 अंक हैं। इस कारण अब श्रीलंका का भारत में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप 2023 में सीधे क्वालीफाई कर पाना मुश्किल हो गया है। श्रीलंका को वर्ल्ड कप का टिकट पाने के लिए अब बचे सभी 4 मैच जीतने होंगे। जिसके बाद दूसरी टीमों के समीकरण के आधार पर कोई फैसला हो सकेगा। माना जा रहा है कि श्रीलंका का बाहर होना तय है, क्योंकि उसे अफगानिस्तान के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले खेलने हैं। इस तरह श्रीलंका का अब सीधे वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर पाना बेहद मुश्किल है।
इन 7 टीमों ने कटाया वर्ल्ड कप का टिकट
आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप सुपर लीग की प्वाइंट टेबल के अनुसार, 7 टीम वर्ल्ड कप 2023 के लिए सीधे क्वालीफाई कर चुकी हैं। भारत ने जहां मेजबान होने के चलते सीधे क्वालीफाई किया है। वहीं, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान क्वालीफाई कर चुकी हैं।
यह भी पढ़े - भारत की उम्मीदों पर बारिश ने फेरा पानी, न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा वनडे रद्द
ये टीम अभी तक नहीं कर सकी क्वालीफाई
साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज, श्रीलंका, जिम्बाब्वे, नीदरलैंड और आयरलैंड की टीम अब तक भारत में होने वाले वर्ल्ड कप 2023 के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी हैं। उम्मीद है कि दक्षिण अफ्रीका की टीम सीधे क्वालफाई करने का प्रयास करेगी। वर्ल्ड कप सुपर लीग के तहत सभी टीमों को 24-24 मैच खेलने हैं। दक्षिण अफ्रीका के 16 मैच में 59 अंक हैं, अगर वह बचे हुए सभी मैच जीत जाती है तो सीधे क्वालीफाई करने का मौका मिल सकता है।
यह भी पढ़े - धोनी और हार्दिक ने रैपर बादशाह के साथ पार्टी में की जमकर मस्ती, देखें Video
Published on:
28 Nov 2022, 11:42 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.