
BCCI के बाद PCB ने भी की नए कोच की घोषणा।
वर्ल्ड कप 2023 में दुगर्ति के बाद पीसीबी ने कई कड़े कदम उठाते हुए पाकिस्तान क्रिकेट टीम में कई बड़े बदलाव किए हैं। पीसीबी ने पूरे मैनेजमेंट में बदलाव के साथ रेड बॉल और व्हाइट बॉल के लिए अलग-अलग कप्तान बनाए हैं। वहीं, अब पाकिस्तान टीम के आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर एडम होलिओक को पाकिस्तान टीम का नया बैटिंग कोच बनाने की घोषणा की है। इंग्लैंड की टीम के लिए ऑलराउंडर एडम होलिओक ने 4 टेस्ट और 35 एकदिवसीय मैच खेले हैं।
भारत की मेजबानी में खेले गए वर्ल्ड कप 2023 में पाकिस्तान की टीम उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई थी। इसलिए टीम को पूरी तरह से बदल दिया गया है। हेड कोच ग्रांट ब्रैडबर्न और टीम निदेशक मिकी आर्थर को भी पदों से हटा दिया गया है। मोहम्मद हफीज अब उनका पद संभालेंगे। वहीं, मोर्ने मोर्कल का अनुबंध समाप्त होने के बाद अब उमर गुल तेज गेंदबाजी कोच तो सईद अजमल स्पिन कोच की भूमिका निभाएंगे।
इन्हें भी सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
पीसीबी ने इसके अलावा ऑस्ट्रेलियन साइमन हेल्मोट को हाई-परफॉर्मेंस कोच, अब्दुल मजीद को फील्डिंग और मंसूर राणा टीम के सहायक मैनेजर की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग चीफ ड्रिकस सैइमन और फिजियोथेरेपिस्ट क्लिफ डीकॉन अपनी जगह बरकरार रखने में कामयाब रहे हैं।
यह भी पढ़ें : BCCI का टीम इंडिया के हेड कोच को लेकर बड़ा ऐलान, राहुल द्रविड़ का कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाया
ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर टेस्ट तो न्यूजीलैंड खिलाफ टी20 सीरीज
बाबर आजम के कप्तानी से हटने के बाद टी20 टीम की कमान तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी संभालेंगे और टेस्ट टीम की कप्तानी शान मसूद करेंगे। पीसीबी ने वहाब रियाज को चीफ सेलेक्टर बनाया है। बता दें कि पाकिस्तानी टीम 14 दिसंबर से 7 जनवरी तक ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर टेस्ट सीरीज खेलेगी। इसके बाद 12 से 21 जनवरी तक न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज खेलेगी।
यह भी पढ़ें :कोहली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया लंबा ब्रेक, नहीं खेलेंगे टी20 और वनडे, जानें क्यों
Published on:
29 Nov 2023, 3:55 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.