
टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर की रेस हुई दिलचस्प, बर्खास्त चेतन शर्मा ने भी किया आवेदन।
Team India New Chief Selector : भारतीय क्रिकेट टीम में जल्द ही बड़े बदलाव देखने को मिलने वाले हैं। ज्ञात हो कि हाल ही में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में भारत के हारने के बाद चयनकर्ताओं की जमकर फजीहत हुई थी। जिसके बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने बड़ा एक्शन लेते हुए चेतन शर्मा के नेतृत्व वाली चयन समिति को बर्खास्त कर दिया था। इसके बाद बीसीसीआई की ओर से नई चयन समिति के पदों के लिए आवेदन मांगे गए थे। आवेदन देने की अंतिम तिथि 28 नवंबर थी। आवेदन आने के बाद अब नए चीफ सेलेक्टर समेत कमेटी के अन्य पदों की रेस काफी दिलचस्प हो गई है। इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि पिछली चयन समिति के चीफ सेलेक्टर चेतन शर्मा ने भी फिर से आवेदन कर दिया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, टीम इंडिया की चयन समिति के पूर्व चीफ सेलेक्टर चेतन शर्मा के साथ हरविंदर सिंह ने भी दोबारा सेलेक्टर पद के लिए अप्लाई किया है।हरविंदर सिंह भी पिछली चयन समिति में रह चुके हैं। बता दें कि बीसीसीआई ने कमेटी के सभी सदस्यों के कार्यकाल को आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया था। रिपोर्ट में कहा गया है कि चेतन शर्मा और हरविंदर सिंह समेत 60 से भी अधिक लोगों के आवेदन बीसीसीआई को प्राप्त हुए हैं।
देबाशीष मोहंती और सुनील जोशी ने नहीं किया दोबारा आवेदन
यहां बता दें कि पिछली चयन समिति में शामिल देबाशीष मोहंती और सुनील जोशी ने दोबारा से आवेदन नहीं किया है। पिछली चयन समिति में कुछ नियुक्ति 2020 तो कुछ 2021 में की गई थीं। नियमानुसार, एक वरिष्ठ राष्ट्रीय चयनकर्ता का कार्यकाल अमूमन चार वर्ष होता है। हालांकि इसे आगे भी बढ़ाया जा सकता है। अभय कुरुविला का कार्यकाल बीच में ही खत्म हो गया था।
यह भी पढ़े - वनडे में इब्राहिम जादरान ने बनाए सर्वाधिक रन, तोड़ा इस दिग्गज का रिकॉर्ड
5 वर्ष के लिए होगा चयन समिति का चुनाव
बता दें कि बीसीसीआई पांच वर्ष के लिए चयन समिति का चुनाव करेगा। आवेदनकर्ताओं में से पांच सदस्यों का चयन किया जाएगा। उन पांचों में से सर्वाधिक अनुभव वाला सदस्य खुद-ब-खुद चीफ सेलेक्टर बन जाएगा। चीफ सेलेक्टर की रेस में अब कई दिग्गजों के नाम जुड़ चुके हैं, जिनमें विनोद कांबली भी शामिल है। अब देखने वाली बात ये होगी की बाजी कौन मारता है?
यह भी पढ़े - फिर एक्शन में दिखेंगे रोहित-विराट, यहां देखें बांग्लादेश दौरे का पूरा शेड्यूल
Published on:
1 Dec 2022, 12:03 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.