
बांग्लादेश से हारने के बाद रोहित शर्मा समेत तीन खिलाड़ी वनडे सीरीज से बाहर।
IND vs BAN ODI Series : बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में कप्तान रोहित शर्मा के चोटिल होने के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि अब वह सीरीज का आखिरी मैच नहीं खेलेंगे। टीम इंडिया के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया है कि रोहित शर्मा के समेत तीन खिलाड़ियों को वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया है। इनमें दीपक चाहर और कुलदीप सेन भी शामिल हैं। बता दें कि कुलदीप सेन ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले मैच में ही डेब्यू किया था, लेकिन चोट के कारण वह दूसरा मैच नहीं खेल सके। उनके स्थान पर उमरान मलिक को खिलाया गया। जबकि दीपक चाहर दूसरे एकदिवसीय मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। इस कारण चाहर और रोहित शर्मा अंत में बल्लेबाजी करने उतरे थे।
टीम इंडिया के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने तीनों खिलाड़ियों को वनडे सीरीज से बाहर करने की पुष्टि कर दी है। राहुल द्रविड़ ने बताया है कि रोहित शर्मा एक विशेषज्ञ से अपनी चोट के लिए परामर्श लेने वापस मुंबई जाने वाले हैं। जहां उनकी चोट का विश्लेषण किया जाएगा। इसके बाद ही यह तय किया जाएगा कि कप्तान रोहित शर्मा बांग्लादेश के खिलाफ 14 दिसंबर से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज का हिस्सा बन पाएंगे या नहीं।
रोहित टेस्ट सीरीज खेलेंगे या नहीं, फैसला जल्द
राहुल द्रविड़ ने बताया कि हम चोटों से जूझ रहे हैं, जो हमारे लिए आदर्श नहीं है। इससे हमारे लिए चीजें मुश्किल हो जाती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मुझे लगता है कि दीपक चाहर और रोहित शर्मा अगला मुकाबला मिस करेंगे। वहीं, कुलदीप सेन भी आखिरी वनडे से बाहर हो गए हैं। अब रोहित मुंबई के लिए उड़ान भरेंगे। जल्द ही यह तय हो जाएगा कि वह टेस्ट सीरीज में खेल पाएंगे या नहीं।
यह भी पढ़े - रोहित शर्मा के तूफानी अर्धशतक के बावजूद बांग्लादेश से 5 रन से हारा भारत
लगातार दूसरी वनडे सीरीज हारी टीम इंडिया
ज्ञात हो कि अंगूठे में चोट लगने के बावजूद कप्तान रोहित शर्मा 9 नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे थे। रोहित नाबाद 51 रनों की पारी खेलकर मुकाबले को आखिरी गेंद तक ले गए। यह बात अलग है कि रोहित शर्मा लास्ट बॉल पर सिक्स लगाने में नाकाम रहे और भारतीय टीम 5 रन से हार गई। इसी के साथ टीम इंडिया बांग्लादेश में लगातार दूसरी एकदिवसीय सीरीज हार गई है।
यह भी पढ़े - काम ना आई कप्तान रोहित की साहसिक पारी, भारत ने गंवाई सीरीज
Published on:
8 Dec 2022, 8:09 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.