scriptIND vs NZ : वाशिंगटन सुंदर के अर्धशतक की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड के सामने रखा 220 रन का लक्ष्य | ind vs nz 3rd odi India set a target of 219 runs in front of New Zealand | Patrika News

IND vs NZ : वाशिंगटन सुंदर के अर्धशतक की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड के सामने रखा 220 रन का लक्ष्य

locationनई दिल्लीPublished: Nov 30, 2022 11:03:35 am

Submitted by:

lokesh verma

IND vs NZ 3rd ODI : भारत और न्यूजलैंड के बीच सीरीज का आखिरी मुकाबला क्राइस्टचर्च में खेला जा रहा है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 219 रन बनाए हैं। भारत की ओर से श्रेयस अय्यर ने 59 गेंदों पर 49 रन बनाए हैं। वहीं, शिखर धवन ने 45 गेंद पर 28 रन बनाए हैं। जबकि वाशिंगटन सुंदर ने जरूरत के समय 64 गेंद पर 51 रन की अर्धशतकीय पारी खेलते हुए भारतीय टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

washingtan-sundar.jpg
IND vs NZ 3rd ODI : भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा मैच हैगले ओवल क्राइस्टचर्च में खेला जा रहा है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 219 रन बनाए हैं। इस मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। भारत के लिए यह करो या मरो का मैच है, लेकिन टीम इंडिया में कोई बदलाव नहीं किया गया। जबकि न्यूजीलैंड टीम में एक बदलाव एडम मिल्ने के रूप में किया, जिन्होंने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए अपने चयन को सार्थकि किया। एडम मिल्ने ने दोनों सलामी बल्लेबाजों को शुरुआत में ही पवेलियन भेजकर भारतीय टीम की कमर तोड़ दी, जिसके बाद टीम इंडिया की पारी संभल नहीं पाई और एक के बाद एक विकेट की झड़ी लगी रही। हालांकि एक छोर से वाशिंगटन सुंदर ने अर्धशतकीय पारी खेलते टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। शिखर धवन और शुभमन गिल की जोड़ी ने सीरीज के तीसरे मैच में शुरुआत काफी धीमी रही। महज 39 रन के स्कोर पर भारत को पहले झटका शुभमन गिल के रूप में लगा। गिल 22 गेंद में सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हो गए। एडम मिल्ने ने उन्हें मिशेल सैंटनर के हाथों कैच कराया। वहीं, 55 रन के स्कोर पर भारत को दूसरा झटका कप्तान शिखर धवन के रूप में लगा। वह एडम मिल्ने की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। धवन ने 45 गेंद पर 28 रन बनाए, जिसमें उन्होंने तीन चौके और एक सिक्स लगाया।

ऋषभ पंत फिर फ्लॉप

भारत की सलामी बल्लेबाजों के पवेलियन लौटने पर श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत ने पारी को संभालने का प्रयास किया, लेकिन ऋषभ पंत 16 गेंदों पर महज 10 रन पर डेरिल मिशेल की गेंद पर ग्लेन फिलिप्स के हाथों में कैच थमा बैठे। इस तरह 21 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 87 रन था। इसके बाद सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी के लिए पहुंचे, लेकिन वह भी कुछ खास नहीं कर सके और एडम मिल्ने का तीसरा शिकार बने। सूर्यकुमार 10 गेंद पर 6 रन का स्कोर ही कर सके। 25 ओवर का खेल खत्म होने तक टीम का स्कोर 4 विकेट पर 116 रन था।

126 के स्कोर पर आधी टीम पवेलियन लौटी

भारत का 5वां झटका श्रेयस अय्यर के रूप में लगा। वह लॉकी फर्ग्यूसन की गेंद पर डेवोन कॉन्वे के हाथों कैच आउट हुए। श्रेयस ने 59 गेंदों पर 49 रन बनाए। इस तरह महज 126 रन पर आधी टीम पवेलियन लौट गई। इसके बाद दीपक हुड्डा और वाशिंगटन सुंदर ने पारी को संभाला, लेकिन दीपक हुड्‌डा भी कुछ खास नहीं कर पाए। वह भी 25 गेंदों पर 12 रन बनाकर टिम साउदी का शिकार बने। जब दीपक हुड्‌डा आउट हुए उस समय टीम इंडिया का स्कोर 33.4 ओवर में 149 रन था। फिर बल्लेबाजी करने पहुंचे दीपक चाहर भी 9 गेंद पर 12 रन बनाकर चलते बने। दीपक चाहर के रूप में भारत का 7वां विकेट 170 रन पर गिरा।

यह भी पढ़े – अर्शदीप सिंह ने बताया तीसरे वनडे के लिए टीम इंडिया का प्लान

वाशिंगटन सुंदर ने पहुंचाया सम्मानजनक स्कोर तक

भारत के सात विकेट गिरने के बाद वाशिंगटन सुंदर ने एक छोर संभाले रखा और युजवेंद्र चहल ने भी उनका बखूबी साथ निभाया। दोनों ने मिलकर 44.1 ओवर में भारत के स्कोर को 200 तक पहुंचाया। लेकिन, इसी ओवर में भारत को युजवेंद्र चहल के रूप में 8वां झटका 202 रन पर लगा। युजवेंद्र चहल 22 गेंद में आठ रन बनाकर सेंटनर की गेंद पर हवा में शॉट खेल बैठे और साउदी के हाथों कैच आउट हुए।

अर्शदीप सिंह के रूप में भारत का 9वां विकेट 213 रन पर गिरा। वह सिर्फ 9 रन ही बना सके। इसके बाद भारतीय टीम का अंतिम विकेट वाशिंगटन सुंदर के रूप में गिरा। सुंदर ने 64 गेंदों पर 51 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेलते हुए टीम इंडिया को 219 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। वाशिंगटन सुंदर टिम साउदी की गेंद पर लॉथम के हाथों कैच आउट हुए।

यह भी पढ़े – बीसीसीआई का बड़ा एक्शन!, टीम इंडिया के सीनियर खिलाड़ियों की टी20 से छुट्‌टी
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो