
हार्दिक पांड्या ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड, धोनी के साथ विराट और रोहित को भी छोड़ा पीछे।
Hardik Pandya Record : न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज 1-0 से जीतने के बाद टीम इंडिया के हौसले बुलंद हैं। भारतीय टीम की इस जीत का श्रेय सूर्यकुमार यादव और कप्तान हार्दिक पांडया को दिया जा रहा है। टी20 वर्ल्ड 2022 के बाद इस सीरीज से कप्तान रोहित शर्मा को आराम देकर हार्दिक पांड्या को कार्यवाहक कप्तान बनाने का फैसला सही साबित हुआ है। इस सीरीज को जीतने के साथ ही कप्तान हार्दिक पांड्या ने ऐसा रिकॉर्ड कायम किया है, जो दिग्गज पूर्व कप्तान एमएस धोनी और विराट कोहली के साथ वर्तमान भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा भी नहीं बना सके हैं। हार्दिक पांड्या की इस उपलब्धि से कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्हें अब भारत की टी20 टीम का स्थायी कप्तान बनाया जा सकता है।
भारत-न्यूजीलैंड टी20 सीरीज जीत के बाद नेपियर में कार्यवाहक कप्तान हार्दिक पांड्या ने एक अनूठा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। दरअसल, हार्दिक पांड्या ने अब तक 5 मैचों में भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तानी की है। इन मैचों में से वह एक भी मैच नहीं हारे हैं। इस तरह टी20 5 मैच या उससे अधिक में टीम का सबसे कुशल नेतृत्व करने वाले वह पहले कप्तान बन गए हैं। उनसे पहले पूर्व कप्तान एमएस धोनी, विराट कोहली और वर्तमान कप्तान भी ऐसा कमाल नहीं दिखा सके हैं।
धोनी भी पहले दो मैच ही लगातार जीत सके
बता दें कि हार्दिक पांड्या ने पहली बार जून 2022 में आयरलैंड के खिलाफ भारत की टी20 टीम की कमान संभाली थी। उस दौरान हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टीम ने आयरिश टीम को 2-0 से हराकर जीत दर्ज की थी। वेस्टइंडीज के खिलाफ भी लॉडरहिल टी-20 मैच में हार्दिक ने कप्तानी करते हुए टीम को 88 रनों से जिताया था। वहीं अब न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से जीत हासिल की है। हार्दिक के अलावा कोई भी भारतीय कप्तान पहले 5 टी20 मैच लगातार नहीं जिता सका है। धोनी जहां लगातार मैच जीत सके थे तो विराट पहला मैच हार गए थे। वहीं रोहित शर्मा भी पहले पांच मैचों में एक मैच हारे थे।
यह भी पढ़े - अश्विन ने टीम इंडिया के इन दो दिग्गजों पर लगाए गंभीर आरोप
बन सकते हैं टी 20 के कप्तान
हार्दिक ने गुजरात टाइटन्स को अपना पहला खिताब दिलाया था। न्यूजीलैंड के खिलाफ उनके शानदार प्रदर्शन के चलते टीम इंडिया में उनके टी 20 कप्तान बनने की दावेदारी तेज हो गई है। कहा जा रहा है कि जल्द ही टीम इंडिया में कुछ बदलाव सामने आ सकते हैं। जिसमें रोहित शर्मा को वनडे और टेस्ट का कप्तान बने रहने देने के साथ हार्दिक को टी 20 कैप्टन के रूप में प्रमोट किया जा सकता है।
यह भी पढ़े - भारतीय टीम को बड़ा झटका, चोट के कारण लंबे समय के लिए बाहर हुआ ये मैच विनर
Published on:
23 Nov 2022, 12:08 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.