
बीसीसीआई का ऐलान, धर्मशाला नहीं, इंदौर में खेला जाएगा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरा टेस्ट।
IND vs AUS 3rd Test : भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर सीरीज के तहत धर्मशाला में खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट को लेकर बनी ऊंहापोह की स्थिति का पटाक्षेप हो गया है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने धर्मशाला टेस्ट के लिए ऑप्शन तलाश लिया है। अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरा टेस्ट धर्मशाला में नहीं खेला जाएगा। बीसीसीआई ने इसे इंदौर के हाेल्कर स्टेडियम में शिफ्ट कर दिया है। बता दें कि भारत-ऑस्ट्रेलिया सीरीज के तहत 1 से 5 मार्च तक एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट काे लेकर संशय की स्थिति बनी हुई थी। आउटफील्ड का काम अधूरा होने की वजह से मैच के आयोजन पर सवाल उठ रहे थे।
आउटफील्ड पर पर्याप्त घास नहीं होने की वजह से धर्मशाला का मैदान मैच की मेजबानी के लिए तैयार नहीं है। बीसीसीआई ने निरीक्षण के बाद मैच को स्थानांतरित करने की बात कही थी। बीसीसीआई इस टेस्ट की मेजबानी के लिए इंदौर और राजकोट के नाम पर विचार कर रहा था। अब बोर्ड के निरीक्षण पैनल की रिपोर्ट के बाद इस मैच काे इंदौर स्थानांतरित कर दिया गया है।
फरवरी 2022 से नहीं खेला गया कोई मैच
बीसीसीआई के पैनल ने 11 फरवरी को मैदान का दौरा किया था और आउटफील्ड पर कई तरह की अव्यवस्थित चीजे देखीं, जिसे हाल ही में हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) की ओर से नई जल निकासी प्रणाली स्थापित करने के लिए फिर से बिछाया गया था। एक और बाधा यह थी कि फरवरी 2022 में भारत और श्रीलंका के बीच दो टी20 के बाद से धर्मशाला में कोई क्रिकेट नहीं खेला गया है।
यह भी पढ़े - WPL ऑक्शन आज, इन खिलाड़ियों पर लग सकती है बड़ी बोली
2017 में की थी टेस्ट की मेजबानी
विशेष रूप से, धर्मशाला ने अब तक केवल एक टेस्ट की मेजबानी की है। 2017 में जब भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर श्रृंखला 2-1 से जीती थी। नागपुर में खेले गए पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को तीन दिन के अंदर पारी और 132 रन से हराकर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत 1-0 से आगे है। दूसरा टेस्ट 17 फरवरी से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा।
यह भी पढ़े - SA20 Final : कैपिटल्स को रोमांचक मुकाबले में हराकर काव्या मारन की टीम ने जीता खिताब
Published on:
13 Feb 2023, 11:08 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.