
भारत ने रोमांचक मुकाबले में बांग्लादेश को 8 रन से हराया, शेफाली के आखिरी ओवर में गिरे 4 विकेट।
IND W vs BAN W T20 Series 2023 : भारत और बांग्लादेश की महिला टीमों के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज का दूसरा टी20 मुकाबला आज ढाका में खेला गया। भारतीय महिला टीम ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 95 रन बनाते हुए बांग्लादेश को 96 रन का लक्ष्य दिया था। लेकिन, बांग्लादेश की टीम इस आसान से लक्ष्य को भी हासिल नहीं कर सकी और भारतीय महिला टीम ने इस रोमांचक मुकाबले में महज 8 रन से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है।
भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह से फ्लॉप साबित हुई। स्मृति मंधाना 13 रन, शेफाली वर्मा 19 रन और जेमिमा रॉड्रिग्स 8 रन ही बना सकीं। वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर शून्य पर आउट हुईं तो यास्तिका भाटिया 11, दीप्ति शर्मा 10 और अमनजोत कौर 14 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। बांग्लादेश के लिए सुल्ताना खातून ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके तो फाहिमा खातून ने दो विकेट लिए।
बांग्लादेश की पारी
भारत के 96 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत भी बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज शमीमा सुल्ताना और शाथी रानी महज 5-5 रन बनाकर आउट हुईं। मुर्शिदा खातून 4 और रितु मोनी भी 4 रन ही बना सकीं। इसके बाद शोर्ना अख्तर और कप्तान निगार सुल्ताना ने 5वें विकेट के लिए 34 रन की साझेदारी की। शोर्ना 7 रन बनाकर आउट हुईं। वहीं कप्तान सुल्ताना ने 38 रन की पारी खेली।
यह भी पढ़ें :भारतीय फैंस के लिए अच्छी खबर, केएल राहुल की वापसी को लेकर आया बड़ा अपडेट
आखिरी ओवर में गिरे चार विकेट
बांग्लादेश को आखिरी ओवर में 10 रन की दरकार थी और भारत की ओर से शेफाली वर्मा गेंदबाजी के लिए आईं। पहली गेंद पर एक रन आया और रन आउट के रूप में राबेया खान का विकेट भी मिला। दूसरी गेंद नाहिदा अख्तर हरलीन देओल को कैच थमा बैठीं।
तीसरी गेंद खाली निकली तो चौथी गेंद पर शेफाली ने फाहिमा खातून को कोट एंड बोल्ड किया। पांचवीं गेंद खाली निकली और आखिरी गेंद पर शेफाली ने मारूफा अख्तर को स्टंप आउट कराया। इस तरह शेफाली के आखिरी ओवर में सिर्फ एक रन ही बन सका और चार विकेट भी गिर गए।
यह भी पढ़ें : पुजारा-शमी की जगह कौन होगा प्लेइंग 11 में शामिल? उपकप्तान का खुलासा!
Published on:
11 Jul 2023, 5:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.