
श्रीलंका ने जीता कांस्य पदक (फोटो- IANS)
SL vs BAN Bronze Medal Match Highlights: एशियन गेम्स 2026 मेंस क्रिकेट टूर्नामेंट के ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में श्रीलंका ने बांग्लादेश को 63 रन से हरा दिया। 2022 एशियन गेम्स की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट बांग्लादेश इस बार खाली हाथ लौटेगी, तो वहीं श्रीलंका ने पिछली बार सिल्वर मेडल जीता था और अब उसे ब्रॉन्ज मेडल मिल जाएगा। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 165 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की पूरी टीम 20 ओवर भी नहीं टिक सकी और 102 रन पर 18वें ओवर में ही ढेर हो गई। अब भारत और पाकिस्तान के बीच गोल्ड मेडल मुकाबला खेला जाएगा।
इस मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सिर्फ 21 रन पर 4 विकेट गिर गए थे। 54 रन पर श्रीलंका का पांचवां विकेट गिर गया, लेकिन कप्तान सहन आर्चिगे और थारिंदु रत्नायके की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत श्रीलंका 165 रन तक पहुंचने में सफल रहा। हालांकि, इसके बावजूद 8 बल्लेबाज श्रीलंका के दहाई के आंकड़े को भी नहीं छू सके। बांग्लादेश की ओर से मेहदी हसन, सैफ हसन और मुस्तफिजुर रहमान को दो-दो सफलताएं मिलीं, तो वहीं एलिस अल इस्लाम और रिशाद हुसैन को एक-एक विकेट हासिल किया।
166 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। सैफ हसन, तंजीद हसन और कप्तान लिटन दास बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। बांग्लादेश ने सिर्फ 4 रन पर अपने तीन विकेट गंवा दिए और 18 रन के स्कोर पर तौहीद हृदोय भी आउट हो गए। चार ओवर तक बांग्लादेश की टीम लड़खड़ा चुकी थी और उसके चार बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद भी विकेटों के गिरने का सिलसिला जारी रहा। नसूम अहमद ने 9वें नंबर पर आकर 26 रन की पारी खेली लेकिन टीम की जीत के लिए ये काफी नहीं थे। उनके आउट होते ही बांग्लादेश की पारी सिमट गई।
बांंग्लादेश की हार की सबसे बड़ी वजह रही उनका टॉप ऑर्डर फ्लॉप होना और फिर कोई साझेदारी न कर पाना। श्रीलंका का टॉप ऑर्डर भी ढह गया था लेकिन 2 बल्लेबाजों ने मैच का पाशा ही पलट दिया। अब गोल्ड मेडल मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन टीम इंडिया सा सामना पाकिस्तान से होगा, जो पिछली बार खाली हाथ लौटी थी। ये मैच भी इसी मैदान पर खेला जाएगा।
Updated on:
03 Oct 2026 09:20 am
Published on:
03 Oct 2026 08:38 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
