
World Top 100 Highest Paid Athletes in 2022 : दुनिया भर में फुटबॉल सबसे फेमस गेम है और इसके बाद नंबर आता है क्रिकेट का। फुटबॉल हो या फिर क्रिकेट दोनों ही खेलों के खिलाड़ी मैदान में धमाल मचाने के साथ कमाई में भी कमाल दिखाते हैं। लेकिन, विडम्बना यह है कि दुनिया के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ियों की सूची इन दोनों में से किसी खेल का खिलाड़ी पहले पायदान पर नहीं है। स्पोर्टिको की ओर से जारी लिस्ट में 2022 में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले नंबर-1 बास्केटबॉल आइकन लेब्रोन जेम्स हैं। जबकि मेसी और रोनाल्डो क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। सबसे बड़ी बात ये है कि दुनिया का मात्र एक क्रिकेटर ही इस लिस्ट में शामिल है और वह हैं भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली। विराट कोहली की सलाना कमाई अरबों में है।
टॉप टेन में तीन फुटबॉलर
दुनिया के टॉप-100 कमाऊ खिलाड़ियों की सूची में पहले स्थान पर बास्केटबॉल आइकन लेब्रोन जेम्स हैं। जेम्स की सलाना कमाई 126.9 मिलियन डॉलर है। जेम्स की कमाई में बड़ा हिस्सा कई प्रमुख ब्रांड्स के साथ एंडोर्समेंट से आता है। उनके बाद दूसरे नंबर पर लोकप्रिय फुटबॉलर लियोनेल मेसी हैं, जिनकी सालाना कमाई 122 मिलियन डॉलर है। इसके बाद तीसरे नंबर पर क्रिस्टियानो रोनाल्डो हैं, जो 115 मिलियन डॉलर की वार्षिक कमाई करते हैं। इसमें उनकी मैच फीस से लेकर एंडोर्समेंट से होने वाली कमाई शामिल है। वहीं, ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार 103 मिलियन डॉलर की कमाई के साथ चौथे स्थान पर हैं।
दुनिया के एकमात्र क्रिकेटर विराट कोहली
दुनिया के टॉप 100 खिलाड़ियों की इस सूची में सबसे दिलचस्प बात ये है कि इसमें क्रिकेट जगत से सिर्फ एक नाम ही शामिल है। भारतीय टीम के विराट कोहली इस सूची में शामिल होने वाले दुनिया के इकलौते क्रिकेटर हैं। कोहली की वार्षिक आय 33.9 मिलियन डॉलर यानी करीब पौने तीन अरब रुपये है। कोहली की यह कमाई मैच के साथ एंडोर्समेंट से होती है। इस तरह कोहली सूची में 61वे स्थान पर हैं। हालांकि, अगर सिर्फ एंडोर्समेंट की कमाई के आधार पर ही देखा जाए तो विराट कोहली दुनिया में 14वें स्थान पर हैं।
यह भी पढ़े - फिर एक्शन में दिखेंगे रोहित-विराट, यहां देखें बांग्लादेश दौरे का पूरा शेड्यूल
रोजर फेडरर 8वें नंबर पर
सूची में टेनिस स्टार रोजर फेडरर 8 नंबर पर हैं, उन्होंने 85.7 मिलियन डॉलर की कमाई की है। 2022 में सर्वाधिक कमाई करने वाली महिला एथलीटों में टेनिस स्टार नाओमी ओसाका नंबर एक पर हैं। जबकि टॉप-100 में वह 20 नंबर पर हैं। नाओमी की सालाना 53.2 मिलियन डॉलर कमाती हैं। महिला खिलाड़ियों में इसी साल रिटायर सेरेना विलियम्स 52वें नंबर हैं, उनकी सालाना कमाई 35.3 मिलियन डॉलर है।
यह भी पढ़े - चीफ सेलेक्टर की रेस हुई दिलचस्प, बर्खास्त चेतन शर्मा ने भी कर दिया आवेदन
Published on:
1 Dec 2022, 1:28 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.