भारत के पूर्व स्टार क्रिकेटर युवराज सिंह की मां शबनम सिंह को धमकी देने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला ने झूठे केस में फंसाने की धमकी देते हुए युवराज सिंह की मां से 40 लाख रुपये मांगे थे। पुलिस टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को पांच लाख रुपये के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस मामले में डीएलएफ फेज-1 थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी महिला का नाम हेमा कौशिक उर्फ डिम्पी है, जिसे युवराज के छोटे भाई जोरावर सिंह के केयरटेकर रखा था, लेकिन 20 दिन बाद ही उसे नौकरी से निकाल दिया गया था।