
पश्चिम बंगाल में सियासी हिंसा जारी, कूच विहार में TMC कार्यकर्ता की हत्या
नई दिल्ली।पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव के दौरान शुरू हुई हिंसक घटनाएं नई सरकार के गठन के बाद भी थमती नजर नहीं आ रही हैं। राज्य में अभी 24 परगना में हुई TMC कार्यकर्ता की हत्या का मामला शांत नहीं पड़ा था कि कूच बिहार से भी दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। यहां बुधवार देर रात एक तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक और कार्यकर्ता की मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब कार्यकर्ता एक हंगामे में शामिल था। मृतक के परिजनों ने भाजपा नेताओं पर हत्या का आरोप लगाया है। TMC नेता के परिजनों का आरोप है कि भाजपा नेताओं ने उसको पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया।
टीएमसी के एक नेता की गोली बरसा कर हत्या
पुलिस ने मृतक की पहचान TMC कार्यकर्ता अजीजर अली के रूप में की है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया है। हालांकि अभी इस मामले में पुलिस ने कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में सियासी झड़पों का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार रात को नॉर्थ 24 परगना के दमदम में मंगलवार को टीएमसी के एक नेता की गोली मार कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान दमदम नगर निगम के वार्ड (6) अध्यक्ष निर्मल कुंडू के रुप में हुई।
हत्या के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया
जानकारी के अनुसार बाइक सवार तीन बदमाशों ने निर्मल पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिसके बाद उनको घायल अवस्था में हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, राज्य में सत्तारूढ दल टीएमसी ने अपने कार्यकर्ता की हत्या के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है।
भाजपा और टीएमसी के कार्यकर्ताओं में झड़प
जबकि दूसरी घटना राज्य के बर्धमान से जुड़ी है। यहां मंगवार शाम को भाजपा और TMC के कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई। दोनों में जमकर लाठी डंडे चले। इस दौरान कई घरों और दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया। दरअसल, यह घटना उस समय हुई जब लोकसभा चुनाव की जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ता बर्धमान में मिठाई बांट रहे थे। तभी वहां पहुंचे TMC कार्यकर्ताओं से उनकी किसी बात पर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते ही दोनों के बीच हुई इस कहासुनी ने झड़प का रूप ले लिया।
भाजपा पर जमकर भड़ास निकाली
ममता बनर्जी ने एक बार फिर बुधवार को भाजपा पर जमकर भड़ास निकाली। एक जनसभा में ममता बनर्जी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, 'डरने की कोई जरूरत नहीं है। मुद्दई लाख बुरा चाहे तो क्या होता है, वही होता है जो मंजूर-ए-खुदा होता है। उन्होंने कहा कि जब सूरज का उदय होता है तो उसकी किरणें बहुत तेज और कठोर होती हैं लेकिन बाद में सब कुछ नॉर्मल हो जाता है। इसलिए डरने की कोई जरूरत नहीं है।'
...जो हमसे टकराएगा वो चूर-चूर हो जाएगा
ममता बनर्जी ने भाजपा का नाम लिए बिना कहा कि जितनी तेजी से उन्होंने ईवीएम कैप्चर की हैं, उतनी ही तेजी से वो चले भी जाएंगे। टीएमसी प्रमुख ने कहा कि त्याग का नाम हिंदू, ईमान का नाम मुसलमान, प्यार का नाम ईसाई और सिखों का नाम है बलिदान। उन्होंने कहा कि ये है हमारा प्यारा हिंदुस्तान और इसकी रक्षा भी हम ही करेंगे। इस दौरान ममता बनर्जी ने एक नारा देते हुए कहा कि जो हमसे टकराएगा वो चूर-चूर हो जाएगा।
तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा
आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव 2019 में ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। यहां टीएमसी के विरोधी दल भाजपा ने 42 सीटों में से 18 पर जीत दर्ज की। जबकि लोकसभा चुनाव 2014 में भाजपा को केवल 2 ही सीट मिल पाई थी।
Updated on:
06 Jun 2019 12:01 pm
Published on:
06 Jun 2019 08:42 am
बड़ी खबरें
View Allक्राइम
ट्रेंडिंग
