सोमवार को फरियाद लेकर महापौर विजय देवांगन के पास पहुंची महंत घासीदास वार्ड निवासी बिसंतीन बाई, लक्ष्मी धीवर ने बताया कि कभी बनिया तालाब धमतरी शहर का सबसे स्वच्छ और सुंदर निस्तारी तालाब कहलाता था, लेकिन निगम प्रशासन की ओर से ध्यान नहीं दिया जा रहा हैं। यही वजह है कि आज तालाब में पंचमुखी हनुमान मंदिर से लेकर ढीमर पारा, होलिका चौक तथा गौरा चौरा क्षेत्र में तालाब में सर्वत्र गंदगी का आलम है। बिमला धीवर, चंपा बाई पटेल ने बताया कि बारिश के पहले ही वार्डवासियों ने नगर निगम में तालाब की सफाई की मांग की थी, ताकि बारिश के दिनों में उठने वाली बदबू से राहत मिल सके। वार्ड पार्षद संजय डागौर से भी इसके लिए गुहार लगाया गया, लेकिन नतीजा सिफर रहा। आश्वासन के सिवाए कोई काम नहीं हो रहा।