
भेड़ बकरी भूत’ का पोस्टर और अभिषेक चौबे की फोटो। (फोटो सोर्स: instagram- ohshortflips and IMDb)
Bhed Bakri Bhoot Short Film: फिल्ममेकर अभिषेक चौबे और नवदीप सिंह शॉर्ट फिल्म 'भेड़ बकरी भूत' पेश करने जा रहे हैं, जो 24 सितंबर को अनुराग कश्यप के शॉर्ट-फिल्म YouTube चैनल 'ओह शॉर्ट फ्लिप्स' (Oh Short Flips) पर रिलीज होने वाली है। इस फिल्म को शिवम शंकर ने डायरेक्ट किया है और रंजन सिंह के साथ मिलकर प्रोड्यूस भी किया है। इसमें वंदना जोशी, प्रसन्ना बिष्ट, अपेक्षा अय्यर, नसीम मुगल और ऋषि सोलंकी जैसे कलाकार हैं।
इस शार्ट फिल्म के बारे में बात करते हुए अभिषेक चौबे ने कहा कि उन्हें यकीन है कि दर्शकों को यह फिल्म पसंद आएगी। उन्होंने एक बयान में कहा, "BBB के बारे में मुझे जो बात सबसे अच्छी लगी, वो है इसकी कहानी कहने का शिवम का मॉडर्न अंदाज और ये फिल्म जितनी मजेदार है, उतनी ही परेशान करने वाली भी है।"
सिंह ने कहा कि फिल्म "समझदारी भरी और जबरदस्त मनोरंजक" है। उन्होंने कहा, "'भेड़ बकरी भूत' को बहुत बारीकी से देखा और समझदारी से डायरेक्ट किया गया है, और यह आज के समय के लिए बहुत प्रासंगिक है।"
इस शॉर्ट फिल्म की शुरुआत एक दुखी ब्रास बैंड म्यूजिशियन से शुरू होती है, जो गुस्से में आकर पब्लिक बाथरूम की दीवार पर अपनी प्रेमिका के बारे में एक कड़वा मैसेज लिखता है। जो चीज अपनी भड़ास निकालने के लिए शुरू होती है, वह तेजी से एक चेन रिएक्शन में बदल जाती है, और अलग-अलग तरह के लोग उसी दीवार पर अपनी शिकायतें, सामाजिक-राजनीतिक चिंताएं और सिस्टम से जुड़ी निराशाएं लिखने लगते हैं। अलग-अलग आवाजों के इस शोर-शराबे के बीच, कोई भी बाथरूम की बिगड़ती हालत पर ध्यान नहीं देता - जब तक कि सरकारी अधिकारी दखल नहीं देते।
शंकर ने कहा कि यह फिल्म "बिना किसी फिल्टर के भारत को देखने की कोशिश" है। उन्होंने एक बयान में कहा, "समाज में हम रोजाना जिस राजनीति से गुजरते हैं, उसे एक रॉ और बेबाक नजरिए से दिखाया गया है, मैं उन लोगों का बहुत आभारी हूं जिन्होंने इस फिल्म को सपोर्ट किया और उन प्रोड्यूसर्स का भी जिन्होंने इसे बनाने में मदद की।"
उन्होंने फिल्म की कास्ट और क्रू का भी शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, "मेरे सभी एक्टर्स, जिन्होंने अपनी कला के लिए मुझ पर भरोसा किया, और अलग-अलग डिपार्टमेंट्स के हर उस आर्टिस्ट का शुक्रिया, जिन्होंने मेरी उम्मीद से कहीं ज्यादा योगदान दिया, इस फिल्म को ऐसा बनाने के लिए आप सभी का धन्यवाद।"
इस फिल्म को कई फेस्टिवल्स में दिखाया गया है, जिनमें इंटरनेशनल कुर्जफिल्मटेज विंटरथुर, IFFSA टोरंटो, तिराना इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, रोमा शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल, टोक्यो इंटरनेशनल शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल, येलोस्टोन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल और बेस्ट ऑफ इंडिया शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल शामिल हैं।
बता दें कि 'भेड़ बकरी भूत', टोक्यो इंटरनेशनल शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल में 'बेस्ट एडिटिंग' का अवॉर्ड, IFFSA टोरंटो में 'बेस्ट शॉर्ट फिल्म' का अवॉर्ड और येलोस्टोन में 'बेस्ट इंडियन शॉर्ट फिल्म' का अवॉर्ड जीत चुकी है। 'भेड़ बकरी भूत' 'ओह शॉर्ट फ्लिप्स' (Oh Short Flips) प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने वाली तीसरी फिल्म है।
Updated on:
21 Sept 2026 05:30 pm
Published on:
21 Sept 2026 05:29 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
