
रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी नहीं रहीं (सोर्स: x-@AlwaysBollywood.)
Krishna Mukherjee Statement: रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी का 75 साल की उम्र में निधन हो गया। मंगलवार यानी आज उनके निधन की खबर सामने आई। रानी अपनी मां के बेहद करीब थीं और कई मौकों पर उनके साथ अपने रिश्ते के बारे में बात कर चुकी हैं। पिछले साल जब रानी को ‘मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे’ के लिए नेशनल अवॉर्ड मिला था, तब कृष्णा मुखर्जी ने बेटी की उपलब्धि पर खुशी जताई थी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा था कि रानी को यह सम्मान काफी पहले ‘ब्लैक’ के लिए मिल जाना चाहिए था।
पिछले साल दुर्गा पूजा के दौरान कृष्णा मुखर्जी ने रानी के नेशनल अवॉर्ड जीतने पर बात की थी। इंस्टेंट बॉलीवुड से बातचीत में उन्होंने कहा था, “मुझे खुशी है कि उसे नेशनल अवॉर्ड मिला। लेकिन उसे बहुत देर से मिला। मुझे लगता है कि उसे फिल्म ‘ब्लैक’ के लिए अवॉर्ड मिलना चाहिए था। लेकिन आज मुझे उस पर बहुत गर्व है।” कृष्णा ने यह भी कहा था कि रानी को अपने करियर के करीब 30 साल बाद यह सम्मान मिला, लेकिन वह इस उपलब्धि से बेहद खुश हैं।
रानी मुखर्जी कई इंटरव्यू में बता चुकी हैं कि उनके एक्ट्रेस बनने के पीछे उनकी मां कृष्णा का अहम योगदान था। कृष्णा ने रानी को 18 साल की उम्र में एक्टिंग को एक प्रयोग के तौर पर आजमाने की सलाह दी थी।
इसके बाद रानी ने 1997 में रिलीज हुई फिल्म ‘राजा की आएगी बारात’ से बॉलीवुड में कदम रखा। आगे चलकर उन्होंने ‘ब्लैक’, ‘हम तुम’, ‘मर्दानी’ और ‘मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे’ जैसी फिल्मों में काम किया।
कृष्णा मुखर्जी के निधन की जानकारी यशराज फिल्म्स (YRF) की ओर से भी साझा की गई। बयान में कहा गया कि रानी मुखर्जी की मां श्रीमती कृष्णा मुखर्जी का 75 साल की उम्र में दोपहर निधन हो गया।
परिवार ने लोगों के प्यार, दुआओं और सपोर्ट के लिए आभार जताते हुए इस मुश्किल समय में प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की है।वर्कफ्रंट की बात करें तो रानी मुखर्जी को आखिरी बार ‘मर्दानी 3’ में देखा गया था, जो 2026 की शुरुआत में रिलीज हुई थी। अब वह शाहरुख खान स्टारर ‘किंग’ का हिस्सा हैं। फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
Updated on:
22 Sept 2026 04:23 pm
Published on:
22 Sept 2026 04:23 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
