
शहजाद के पुराने विवादों पर सिवेट तोमर का बयान ( सोर्स: x-@Abhishek060722)
Shehzad Poonawalla Controversy: रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ में सिवेट तोमर और शहजाद पूनावाला के बीच नजर आया विवाद अब शो से बाहर भी चर्चा में है। सिवेट ने एक इंटरव्यू में शहजाद के साथ अपनी इक्वेशन और शो के दौरान उठे राजनीतिक और संवेदनशील मुद्दों को लेकर अपनी बात रखी है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे मुद्दों को सिर्फ सोशल मीडिया रीच, व्यूज या वोट्स के लिए इस्तेमाल करना उन्हें सही नहीं लगता।
टेलीचक्कर के साथ बातचीत में सिवेट ने बताया कि शो की शुरुआत में उन्हें लगा था कि वह और शहजाद अच्छे दोस्त बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि पहले एपिसोड में उन्हें लगा था कि दोनों मिलकर स्वरा के खिलाफ जा सकते हैं। सिवेट ने बताया कि उन्हें शहजाद का बोलने का तरीका भी पसंद आता था और शुरुआत में वह उन्हें अच्छा मानते थे। हालांकि, बाद में शहजाद से जुड़े कुछ सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर उनकी राय बदलने लगी।
सिवेट ने कहा कि जब शहजाद का नाम शो के लिए अनाउंस हुआ और इसके बाद उन्होंने पुराने विवादों से जुड़ी कंट्रोवर्शियल रील्स दोबारा शेयर कीं, तो उन्हें यह बात पसंद नहीं आई। सिवेट के मुताबिक, उनका मानना था कि अगर कोई व्यक्ति किसी रियलिटी शो में जा रहा है तो उसे शो के अंदर गेम पर ध्यान देना चाहिए और पुराने विवादों को दोबारा नहीं उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुराने मुद्दों को फिर से सामने लाने से बाहर भी लोगों के बीच विवाद बढ़ सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कोई पुराना विवाद शांत हो चुका हो तो उसे सिर्फ शो में जाने की वजह से दोबारा क्यों उठाया जाए।
सिवेट ने राजनीतिक और संवेदनशील मुद्दों को लेकर अपनी राय रखते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति वास्तव में किसी मुद्दे पर बात करना चाहता है तो बात अलग है, लेकिन सिर्फ व्यूज या वोट्स के लिए ऐसा करना उन्हें गलत लगता है।
उन्होंने कहा, “पॉलिटिकल और सेंसिटिव टॉपिक्स को व्यूज और वोट्स के लिए इस्तेमाल करना सही नहीं है।” सिवेट ने इसे अपने नजरिए से एक ‘सेल्फिश मोटिव’ बताया। हालांकि, उन्होंने यह बात अपने अनुभव और शहजाद के साथ हुई बातचीत के संदर्भ में कही है।
सिवेट ने यह भी बताया कि शो के अंदर जब उनकी शहजाद से मुलाकात हुई तो उनका व्यवहार काफी अलग था। उन्होंने कहा कि शहजाद ने उनसे बहुत प्यार से बात की और धर्म से जुड़ी बातें भी कीं, जिसके बाद उन्हें लगा कि वह अच्छे इंसान हैं।
यानी शो की शुरुआत में दोनों के बीच अच्छी बॉन्डिंग थी, लेकिन सोशल मीडिया पर पुराने विवादों से जुड़े मुद्दे दोबारा सामने आने और शो के दौरान हुए घटनाक्रम के बाद दोनों के रिश्ते में तनाव बढ़ गया।
‘राइज एंड फॉल 2’ में सिवेट तोमर और शहजाद पूनावाला के बीच कई मौकों पर तीखी बहस देखने को मिली थी। शो के दौरान दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि सिवेट के कथित तौर पर शो से बाहर होने की भी चर्चा हुई।
अपने नए इंटरव्यू में सिवेट ने अब उस पूरे घटनाक्रम और शहजाद के साथ अपने रिश्ते को अपने नजरिए से समझाया है। उन्होंने खास तौर पर इस बात पर जोर दिया कि रियलिटी शो में राजनीतिक और संवेदनशील मुद्दों को किस मकसद से उठाया जा रहा है।
Updated on:
30 Sept 2026 03:54 pm
Published on:
30 Sept 2026 03:53 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
