
श्वेता तिवारी ने 'The Traitors 2 में कही ये बात (सोर्स: x- @SmithRJannat)
The Traitors trailer: प्राइम वीडियो के फेमस रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स' (The Traitors) का सीजन 2 और भी बड़े ट्विस्ट, धोखे और माइंड गेम के साथ लौट रहा है। रिलीज हुए ट्रेलर में श्वेता तिवारी का अपने पति को धोखा देते पकड़ने वाला बयान सबसे ज्यादा चर्चा में है। तो वहीं शो के होस्ट करण जौहर का कहना है कि इस बार खिलाड़ियों ने ऐसे फैसले लिए, जिन्होंने उन्हें भी हैरान कर दिया।
प्राइम वीडियो ने शुक्रवार को 'द ट्रेटर्स सीजन 2' का ट्रेलर रिलीज कर दिया। जैसलमेर के सूर्यगढ़ पैलेस में फिल्माए गए इस सीजन में भरोसे से ज्यादा धोखा, साजिश और माइंड गेम देखने को मिलेगा। इस बार शो में 21 नए सेलिब्रिटी हिस्सा ले रहे हैं और करण जौहर एक बार फिर होस्ट की भूमिका निभा रहे हैं।
बता दें, इस सीजन में 'बू' नाम का नया ट्विस्ट भी जोड़ा गया है, जिसे 'बुरी खबर' लाने वाला साथी बताया गया है। मेकर्स के मुताबिक, गेम का हर फैसला खिलाड़ियों की किस्मत बदल सकता है।
ट्रेलर की सबसे चर्चित झलक श्वेता तिवारी के बयान की रही, जिसमें वो कहती हैं, "अपने पति को धोखा देते हुए मैंने ही पकड़ा था।" इस पर करण जौहर जवाब देते हैं, "तुम झूठ को पकड़ने में इतने अच्छे नहीं हो सकते, ये सच है क्या।" इसके अलावा पारुल गुलाटी मजाकिया अंदाज में कहती हैं, "वो टीवी एक्ट्रेस है, बिना ग्लिसरीन के रो सकती है।" वहीं, रिया चक्रवर्ती खुद को रियलिटी शोज का अनुभवी खिलाड़ी बताती हैं। दरअसल, ट्रेलर में कई कंटेस्टेंट्स के बीच तीखी बहस, इमोशनल पल और एक-दूसरे पर शक की झलक भी दिखाई गई है।
इस बार शो में आदित्य कुलश्रेष्ठ (कुल्लू), अभिषेक मल्हान (फुकरा इंसान), अंश चोपड़ा, दलीप ताहिल, हरमन सिंघा, इक्का सिंह, करण सिंह मैजिक, क्रिस्टल डिसूजा, मल्लिका शेरावत, मुनव्वर फारुकी, पारुल गुलाटी, प्रिश, रणवीर बराड़, रिया चक्रवर्ती, रिदा थराना, साहिल सलाथिया, शहनील गिल, शालिनी पासी, श्वेता तिवारी, साउंडस मौफाकिर और तान्या पुरी नजर आएंगे।
साथ ही, पहले सीजन की तरह इस बार भी खिलाड़ी दो ग्रूप इनोसेंट्स और ट्रेटर्स में बंटे होंगे। इनोसेंट्स को छिपे हुए गद्दारों की पहचान करनी होगी, जबकि ट्रेटर्स अपनी पहचान छिपाकर बाकी खिलाड़ियों को गेम से बाहर करने की कोशिश करेंगे।
सीजन 2 को लेकर करण जौहर ने कहा कि पहले सीजन को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी, इसलिए इस बार गेम को पहले से ज्यादा बड़ा, तेज और अनप्रिडिक्टेबल बनाया गया है, जिसमें उन्होंने कहा कि इस बार खिलाड़ी पहले से कहीं ज्यादा रणनीति और तैयारी के साथ आए हैं। उनके मुताबिक, दोस्ती टूटती है, भरोसा शक में बदल जाता है और कई ऐसे फैसले लिए गए, जिन्होंने उन्हें भी हैरान कर दिया।
'द ट्रेटर्स सीजन 2' का प्रीमियर 13 अगस्त से प्राइम वीडियो पर होगा। इसके नए एपिसोड हर गुरुवार रिलीज किए जाएंगे। ये शो 'IDTV' के BAFTA और Emmy Award विजेता फॉर्मेट का भारतीय रूपांतरण है, जिसे 'धर्माटिक एंटरटेनमेंट' ने All3Media International के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है।
Updated on:
07 Aug 2026 01:40 pm
Published on:
07 Aug 2026 01:40 pm
