
इस साल महाशिवरात्रि का पर्व 18 फरवरी शनिवार के दिन मनाया जाएगा। भगवान शिव की पूजा और व्रत के इस पावन पर्व की पौराणिक कथा के मुताबिक इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती विवाह के पवित्र बंधन में बंधे थे। यही कारण है कि शिवरात्रि से कुछ दिन पहले शिव मंदिरों में आमंत्रण-निमंत्रण पत्र से लेकर हल्दी, संगीत संध्या और फिर महाशिवरात्रि के दिन शिव-पार्वती के विवाह की रस्में निभाई जाती हैं। शिव जी बारात निकाली जाती है। लेकिन इस लेख में हम आपको बता रहे हैं महाशिवरात्रि और मासिक शिवरात्रि में क्या अंतर है। ज्योतिषाचार्य पं. प्रदीप पांडे इस लेख में आपको बता रहे हैं महाशिवरात्रि और मासिक शिवरात्रि में अंतर तथा इस साल 2023 में पडऩे वाली मासिक शिवरात्रि की लिस्ट...
जानें महाशिवरात्रि और मासिक शिवरात्रि में अंतर
महाशिवरात्रि का पर्व साल में एक बार फाल्गुन माह में मनाया जाता है। फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जाता है। इस तिथि का महत्व भगवान शिव से जुड़ा है। माना जाता है कि इस तिथि को भगवान शिव सबसे पहले दिव्य ज्योतिर्लिंग स्वरूप में प्रकट हुए थे। उससे पहले वे निराकार ब्रह्म थे। वहीं महाशिवरात्रि के इस दिन का महत्व इसलिए भी माना जाता है कि इस दिन शिव-पार्वती का विवाह हुआ था।
जबकि मासिक शिवरात्रि व्रत हर माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को मनाया जाता है। साल में 12 मासिक शिवरात्रि पड़ती हैं। इसमें एक महाशिवरात्रि फरवरी या मार्च में होती है। महाशिवरात्रि को फाल्गुन मासिक शिवरात्रि भी कहा जाता है। वहीं हर माह में मासिक शिवरात्रि शिव भक्तों के लिए पूजा पाठ और भगवान भोलेनाथ की कृपा पाने का एक अवसर होती है।
महाशिवरात्रि 2023 मुहूर्त
इस साल महाशिवरात्रि 18 फरवरी को मनाई जाएगी। महाशिवरात्रि यानी फाल्गुन कृष्ण चतुर्दशी तिथि 18 फरवरी की रात 8 बजकर 2 मिनट से लेकर 19 फरवरी की शाम 4 बजकर 8 मिनट तक है। महाशिवरात्रि की पूजा का रात्रि मुहूर्त 12 बजकर 9 मिनट से रात 1 बजे तक है। महाशिवरात्रि पर सर्वार्थ सिद्धि योग बना हुआ है, जो शाम 5 बजकर 42 मिनट से 19 फरवरी को सुबह 6 बजकर 56 मिनट तक है।
साल 2023 की मासिक शिवरात्रि की पूरी लिस्ट
1. माघ मासिक शिवरात्रि- 20 जनवरी, शुक्रवार
2. फाल्गुन मासिक शिवरात्रि- 18 फरवरी, शनिवार
3. चैत्र मासिक शिवरात्रि- 20 मार्च, सोमवार
4. वैशाख मासिक शिवरात्रि- 18 अप्रैल, मंगलवार
5. ज्येष्ठ मासिक शिवरात्रि- 17 मई, बुधवार
6. आषाढ़ मासिक शिवरात्रि- 16 जून, शुक्रवार
7. सावन मासिक शिवरात्रि- 15 जुलाई, शनिवार
8. सावन मासिक शिवरात्रि- 14 अगस्त, सोमवार
9. भाद्रपद मासिक शिवरात्रि- 13 सितंबर, बुधवार
10. आश्विन मासिक शिवरात्रि- 12 अक्टूबर, गुरुवार
11. कार्तिक मासिक शिवरात्रि- 11 नवंबर, शनिवार
12. मार्गशीर्ष मासिक शिवरात्रि- 11 दिसंबर, सोमवार
Updated on:
13 Feb 2023, 4:55 PM IST
Published on:
13 Feb 2023, 4:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.