नई दिल्ली। बिकने की कगार पर खड़े देश के सरकारी बैंक IDBi के कर्मचारी सोमवार यानी कल से 6 दिन की हड़ताल पर जा सकते हैं। कर्मचारियों ने बैंक के बिकने का विरोध करते हुए हड़ताल की धमकी दी है। खबरों के अनुसार, आईडीबीआई बैंक के कर्मचारियों के एक ग्रुप ने बैंक के अधिकारियों को नोटिस दिया है। आईडीबीआई बैंक के अधिकारियों की ओर से नियामक को दी गई जानकारी के अनुसार बैंक ने कहा है कि कर्मचारियों के एक ग्रुप ने नोटिस भेजकर 16 से 21जुलाई तक हड़ताल पर जाने की धमकी दी है। बैंक के अनुसार यह कर्मचारी एलआईसी की ओर से बैंक में हिस्सेदारी खरीदने का विरोध कर रहे हैं। आपको बता दें कि आईडीबीआई को उबारने के लिए केंद्र सरकार ने एलआईसी से बैंक में पैसा लगाने के लिए कहा है। इन बैंक कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने से बैंकिंग सेवाओं के ठप रहने के साथ-साथ नकदी का संकट बढ़ाने की संभावना जताई जा रही है।