
गाजियाबाद. मुरादनगर थानाक्षेत्र के दुहाई गांव में एक बीबीए के छात्र की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि दोस्त ही उसे घर से अपने साथ एक फार्म हाउस पर ले गया था। इसके कुछ देर बाद ही गोली लगने की सूचना मिली। परिजन मौके पर पहुंचे तो छात्र लहूलुहान अवस्था में पड़ा था। उसे वह तुरंत अस्पताल लेकर गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर, हत्या की सूचना मिलते ही एसपी सिटी और एसपी ग्रामीण समेत तमाम आलाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दरअसल, दुहाई गांव के रहने वाले मुकेश शर्मा दिल्ली-मेरठ रोड पर स्थित दुहाई बस स्टैंड के पास किराना की दुकान करते हैं। मुकेश शर्मा का 19 वर्षीय बेटा मुदित शर्मा एक प्राइवेट कॉलेज से बीबीए की पढ़ाई कर रहा था। प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि सोमवार रात मुकेश शर्मा ने सूचना दी थी कि उनके बेटे की एक फार्म हाउस पर गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इसकी जानकारी उन्होंने तत्काल आलाधिकारियों को दी, जिसके बाद एसपी सिटी, एसपी ग्रामीण और सीओ समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि अभी तक परिजनों ने इस मामले में तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने के बाद ही पता चल सकेगा कि छात्र की हत्या क्यों और किन कारणों से हुई है। एसपी देहात नीरज कुमार जादौन ने भी घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए घटना की जानकारी जुटाई है।
पीड़ित पिता मुकेश शर्मा का कहना है कि सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे गांव का रहने वाला मुदित का दोस्त उसे अपने साथ ले गया था। उस दौरान उन्होंने बताया वह रेलवे लाइन पार स्थित एक फार्म हाउस पर जा रहे हैं। उनके जाने के पौन घंटे बाद दोस्त ने आकर सूचना दी कि मुदित को गोली लगी है। यह सुनते ही जैसे उनके पैरों तले जमीन न रही। इसके बाद वह अन्य लोगों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे तो मुदित लहूलुहान हालत में पड़ा था। वह उसे लेकर तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
Published on:
26 May 2020 01:18 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
