
निजी स्कूल का अमानवीय चेहरा आया सामने, भूख से बेहाल था मासूम, लंच लेकर पहुंचे पिता को गेट से भगाया
गाजियाबाद. प्राईवेट स्कूलों की मनमानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। इसका ताजाा उदाहरण शास्त्रीनगर के सेंट मैरी स्कूल में देखने को मिला। जहां चौथी क्लास का एक बच्चा टिफिन घर पर ही भूल गया था। जब बच्चे के पिता स्कूल लंच लेकर स्कूल पहुंचे तो प्रिंसिपल ने टिफिन लेने से इनकार कर दिया और कहा कि टिफिन किसी भी हालत मे अंदर नहीं जाने देंगे, ये हमारी पॉलिसी है। वहीं पिता ने बताया कि बच्चे को गैस और एसिड बनने की समस्या है। इसके बाद बच्चे के पिता ने डायल 100 पर फोन कर पीसीआर को बुलाया तो उनको भी अंदर जाने नहीं दिया गया। इस पर गाजियाबाद पेरेंट्स एसोसिएशन को मदद के लिए फोन किया तो तुरंत टीम मदद के लिए पहुंची और स्कूल की मनमानी के खिलाफ कविनगर थाने में तहरीर दी।
उल्लेखनीय है कि प्राईवेट स्कूल अपनी किसी न किसी बात को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। अभी फीस वृद्धि का मामला शांत भी नहीं हुआ था और अब गाजियाबाद के थाना कविनगर इलाके में एक स्कूल में ऐसा मामला सामने आया है। जहां पर एक बच्चे के पिता को उसे लंच दिए जाने से रोक दिया गया। इतना ही नहीं स्कूल प्रबंधन ने उनके साथ अभद्रता भी की। बताते चलें कि गाजियाबाद के थाना कविनगर इलाके में सेंट मैरी स्कूल है। जहां पर एक बच्चा कक्षा चार में पढ़ता है। वह अपना लंच बॉक्स घर पर ही भूल गया था। बच्चे के पिता लंच बॉक्स स्कूल लेकर पहुंचे तो उन्हें रिसेप्शन पर ही रोक लिया गया। उनसे कहा गया कि किसी भी हालत में इस वक्त लंच बॉक्स स्कूल के अंदर नहीं जा पाएगा। इस पर बच्चे के पिता ने कहा कि उनके बेटे को अक्सर गैस और एसिड बनने की शिकायत रहती है उसका इलाज भी चल रहा है। बेटा भूखा है, उसे परेशानी हो सकती है।
पिता का आरोप है कि इस बात को लेकर उनके साथ स्कूल प्रशासन द्वारा काफी अभद्रता की गई। इसके बाद उन्हें डायल 100 पर कॉल कर पुलिस बुलानी पड़ी, लेकिन हद तो तब हो गई जब पुलिस के आने के बाद भी बच्चे को लंच बॉक्स नहीं पहुंचाया गया। इससे आहत होकर बच्चे के पिता ने गाजियाबाद की पेरेंट्स एसोसिएशन को फोन कर बुलाया। गाजियाबाद पेरेंट्स एसोसिएशन ने बच्चे के पिता का समर्थन करते हुए स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। स्कूल प्रबंधन के खिलाफ थाना कविनगर में तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है।
Published on:
29 Aug 2018, 11:48 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.