
Live देखिये, कैसे दर्जनभर लोगों को हथियार के बल पर बंधक बनाकर डिपार्टमेंटल स्टोर लूट ले गए बदमाश
गाजियाबाद. यूपी में बदमाशों के हौसले खासे बुलंद हैं। पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद भी बदमाश अपने नापाक मंसूबों में बेखौफ होकर कामयाब हो रहे हैं। ताजा मामला गाजियाबाद जिले के साहिबाबाद का है। जहां हेलमेट पहने चार बदमाशों ने एक डिपार्टमेंटल स्टोर में मौजूद दर्जनभर से ज्यादा लोगों को बंधक बनाकर जमकर लूटपाट की। हालांकि बदमाशों की यह करतूत सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज में बदमाश फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चार बदमाश साहिबाबाद के पॉश इलाके राजेंद्र नगर स्थित एक डिपार्टमेंटल स्टोर में रात करीब 9:30 बजे दाखिल हुए। इस दौरान सभी बदमाशों ने मुंह पर रूमाल के साथ हेलमेट पहना हुआ था। डिपार्टमेंटल स्टोर में घुसते ही बदमाशों ने फायरिंग करनी शुरू कर दी। फायरिंग होते स्टोर में खरीदारी करने आए लोग सहम गए। इसके बाद बदमाशों ने डिपार्टमेंटल स्टोर के मालिक समेत दर्जनभर लोगों को बंधक बना लिया और गल्ले से कैश की लूटकर आराम से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह लुटेरों ने एक महिला को तमंचा दिखाते हुए मारने की धमकी दी। इसके बाद खौफजदा महिला एक तरफ खड़ी हो गई। वहीं बदमाशों ने स्टोर में जमकर लूटपाट की। इस पूरे मामले में एसपी सिटी श्लोक कुमार का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में आया है। पीड़ित द्वारा थाने में तहरीर दी गई है। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी कैमरे में भी पूरी वारदात कैद हुई है। जैसे ही पुलिस को सूचना मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही बदमाश फरार हो चुके थे। उन्होंने बताया कि फिलहाल सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही केस का खुलासा करते हुए बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस अधिकारी हर एंगल से मामले की जांच कर रहे हैं।
Published on:
16 Sep 2018, 1:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.