
गाजियाबाद. जिले के मुरादनगर में बारिश के कारण रविवार को श्मशान घाट की छत गिरने से बड़ा हादसा हुआ है। इस दर्दनाक घटना में करीबन डेढ़ दर्जन लोग छत के नीचे दबे बताए जा रहे हैं, जो अंतिम संस्कार में पहुंचे थे। जिला प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है। डीएम अजय शंकर पांडेय ने इस हादसे में 18 लोगों की मौत होने की पुष्टि की है। वहीं, घायलों को जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना पर देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं अपनी शोक संवेदना व्यक्त की हैं। जबकि सीएम योगी ने घटना की जांच के निर्देश के साथ ही मृतकों के आश्रितों दो-दो लाख रुपए देने का ऐलान किया है।
एडीजी मेरठ जोन को दिए रिपोर्ट देने के आदेश
गाजियाबाद के मुरादनगर में श्मशान घाट की छत गिरने की घटना का संज्ञान लेते हुए सीएम योगी ने डीएम और एसएसपी को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के आदेश दिए। सीएम योगी ने ट्वीट करते हुए कहा कि घटना से प्रभावित व्यक्तियों को हर सम्भव मदद पहुंचाई जाए। इसके साथ ही हादसे में घायलों को समुचित उपचार दिया जाए। वहीं, सीएम योगी ने मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपए की आर्थिक मदद देने का भी ऐलान किया है। उन्होंने मंडलायुक्त, मेरठ और एडीजी मेरठ जोन को घटना के संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश जारी किए हैं।
रक्षामंत्री जताया गहरा दुख
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट करते हुए कहा है कि मुरादनगर में श्मशान घाट की छत गिर जाने के कारण कई लोगों की मृत्यु के समाचार से मुझे अत्यंत दुख पहुंचा है। दुख की इस घड़ी में मैं मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही कामना करता हूं कि हादसे में घायल हुए लोग जल्द से जल्द स्वस्थ हों।
मंत्री सुरेश खन्ना ने जताई संवेदना
यूपी के मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि मुरादनगर में श्मशान घाट पर निर्माणाधीन इमारत की छत गिरने से हुए हादसे में हुई जनहानि की सूचना अत्यन्त दुखद है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शान्ति की प्रार्थना तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं। उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं।
केशव प्रसाद मौर्य ने जताया दुख
यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य मुरादनगर में शमशान घाट का लेंटर गिरने से हुई दुर्घटना में कई लोगों के हताहत होने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई। ईश्वर से प्रार्थना है कि हताहत हुए लोगों के परिवार को यह दुःख सहन करने का साहस एवं संबल दें।
जयंत चौधरी ने बताया भ्रष्टाचार
जयंत चौधरी ने कहा कि मुरादनगर श्मशान घाट में छत गिरने से कई लोगों की मौत, कई चोटिल हैं। दुखद खबर है। सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। सार्वजनिक प्रयोग में आने वाले निर्माण की ख़राब गुणवत्ता बढ़ रहे भ्रष्टाचार को दर्शाती है, जिस बोझ के नीचे जनता दब रही है।
Published on:
3 Jan 2021, 5:08 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.