
20 लाख रुपये की लूट के बाद भी पीड़ितों ने नहीं हारी हिम्मत, जान पर खेलकर दबोच लिया एक बदमाश
गाजियाबाद. प्रदेश में क्राइम का ग्राफ लगातार बढ़ता ही जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पुलिस को छूट के बाद लगातार हो रहे एनकाउंटर से भी बदमाशों में पुलिस का खौफ देखने को नहीं मिल रहा है। ताजा मामला वैशाली का है जहां सेक्टर-2 पंजाब नेशनल बैंक की ब्रांच में पैसा जमा करने के लिए देवेंद्र और दानिश बैंक शाखा के बाहर पहुंचे तो हथियारबंद बदमाशों ने देवेंद्र को गन प्वाइंट पर लेकर 20 लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया। लेकिन, देवेंद्र और दानिश ने हिम्मत दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया। वहीं दूसरा बदमाश रुपयों से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गया। हैरान कर देने वाली बात यह है कि वारदात उस दौरान हुई जब सीएम योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट पर था।
बता दें कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को गाजियाबाद के कौशांबी में आने वाले थे। दरअसल, यहां उनके एक परिचित का इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पूरे जिले की पुलिस अलर्ट पर थी। इसी दौरान गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वैशाली सेक्टर-2 में पंजाब नेशनल बैंक की ब्रांच में 20 लाख रुपया जमा करने के लिए देवेंद्र और दानिश बैंक शाखा के बाहर पहुंचे। तभी हथियारबंद दो बदमाशों ने देवेंद्र को गन प्वाइंट पर लेकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया। लेकिन, देवेंद्र और दानिश ने इसके बाद भी हिम्मत नहीं हारी और एक बदमाश को पकड़ लिया। वह स्कूटी से नीचे गिर गया, जबकि दूसरा बदमाश जिसके हाथ में पिस्टल थी वह रुपयों से भरा बैग लेकर साथी को छोड़ मौके से फरार हो गया। बता दें कि देवेंद्र दूध कंपनी में कलेक्शन एजेंट है। दानिश ने बताया कि वह देवेंद्र के साथ अपनी बाइक से बैंक शाखा में पैसा जमा करने के लिए पहुंचा था तभी बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद उसने कई बार डायल 100 को भी कॉल की, फोन दिल्ली लग रहा था। इसके काफी समय बाद पुलिस मौके पर पहुंची। उसने आरोप लगाया कि अगर पुलिस समय पर पहुंचती तो शायद बदमाश पैसे लेकर भागने में कामयाब नहीं हो पाता। फिलहाल पुलिस देवेंद्र और दानिश द्वारा पकड़े गए बदमाश से पूछताछ में जुटी है।
वहीं इस मामले में एएसपी रवि कुमार का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। बदमाश का पता लगाने के लिए पुलिस टीम गठित कर ली गई है। उन्होंने इसे 13 लाख रुपये की लूट बताया है। उल्लेखनीय है कि वैशाली सेक्टर-2 शहर का पोश एरिया है। घटना के बाद से लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वैशाली में आए दिन इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं, जबकि पुलिस नजर नही आती।
Published on:
5 Jun 2018, 1:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.