31 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Monkeypox : गाजियाबाद में 5 साल की बच्ची में मिले मंकीपॉक्स जैसी बीमारी के लक्षण, स्वास्थ्य विभाग में मची खलबली

Monkeypox : गाजियाबाद में 5 साल बच्ची में मंकीपॉक्स जैसी बीमारी के लक्षण पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। फिलहाल बच्ची के सैंपल लेकर मंकीपॉक्स वायरस की जांच के लिए भेज दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बच्ची के संपर्क में आए लोगों से किसी तरह की परेशानी होने पर तुरंत संपर्क करने के निर्देश दिए हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

गाज़ियाबाद

•

image

lokesh verma

•

Updated: 4 Jun 2022, 10:53 AM IST

symptoms-of-monkeypox-like-disease-found-in-5-year-old-girl.jpg

Monkeypox : गाजियाबाद में 5 साल की बच्ची में मिले मंकीपॉक्स जैसी बीमारी के लक्षण।

Monkeypox : दिल्ली से सटे गाजियाबाद में एक 5 वर्षीय मासूम बच्ची को मंकीपॉक्स जैसी बीमारी के लक्षण पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। फिलहाल एहतियात के तौर पर बच्ची के सैंपल लेकर मंकीपॉक्स की जांच के लिए भेज दिए गए हैं। वहीं बच्ची के संपर्क में आए लोगों के साथ उसके परिवार वालों को भी सख्त हिदायत दी गई है कि वह हर तरह से अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें। अगर किसी तरह की परेशानी होती है तो तत्काल स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करें। गाजियाबाद स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बच्ची बिहार की रहने वाली है।

जानकारी के मुताबिक, मूलरूप से जहानाबाद होरी गंज देवी मंदिर पटना के रहने वाले जयप्रकाश गुप्ता हाल में ही परिवार के साथ गाजियाबाद आए थे। अचानक ही उनकी 5 वर्षीय पुत्री अदिति गुप्ता को कानों से सुनाई नहीं देने की शिकायत हुई। इसके बाद उन्होंने बच्ची को गाजियाबाद में एक क्लीनिक पर दिखाया। ईएनटी क्लिनिक के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बीपी त्यागी ने बच्ची का उपचार शुरू किया तो उसके शरीर पर जगह-जगह खुजली एवं दाने दिखाई दिए। डॉ. बीपी त्यागी के मुताबिक, बच्ची के शरीर पर मंकीपॉक्स जैसे लक्षण दिखाई देने लगे। जिसकी सूचना आनन-फानन में स्वास्थ्य विभाग को दी गई।

यह भी पढ़ें- टाटा प्रोजेक्ट्स को मिली देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट निर्माण की जिम्मेदारी, जानें कब होगा शुरू

मां बोली- कच्चे आम खाने से हुई परेशानी

सूचना के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पांस टीम के साथ क्लिनिक पर पहुंची। जहां बच्ची के परिजनों और उपचार कर रहे चिकित्सक से पूरी जानकारी ली। इसके बाद पता चला कि बच्ची को कान की समस्या होने के कारण इलाज के लिए लाया गया था, लेकिन अचानक उसमें मंकीपॉक्स जैसे लक्षण नजर आने लगे। बच्ची अदिति के परिजनों ने बताया कि उसके 7 वर्षीय भाई आदित्य गुप्ता को भी 23 जून से खुजली की शिकायत हुई थी, जो अपने आप ही ठीक हो गई थी। अदिति की मां गुड़िया कुमारी ने बताया कि उनके दोनों बच्चों को कच्चे आम खाने से ये परेशानी हुई है।

यह भी पढ़ें-कानपुर में फूलों से बनाई लेदर, प्रधानमंत्री ने स्टार्टअप देखकर बोली बड़ी बात

बच्ची और उसके संपर्क में आने वाले एक माह से नहीं की विदेश यात्रा

जिला सर्विलांस अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि बच्ची को किसी तरह का कोई बुखार, सिर दर्द या सांस लेने में किसी तरह की कोई परेशानी नहीं है। बच्ची और उसके संपर्क में आने वालों में से किसी ने भी पिछले एक माह से कोई विदेश यात्रा नहीं की है। वहीं बच्ची भी विदेशी यात्री के संपर्क में नहीं आई है। उन्होंने बताया कि फिलहाल एहतियात के तौर पर बच्ची के सैंपल लेकर मंकीपॉक्स की जांच के लिए भेजे गए हैं। वहीं बच्ची को अलग रखते हुए उसका उपचार शुरू कर दिया गया है। घरवालों को भी आइसोलेट रहने की सलाह दी गई है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चल पाएगा कि आखिर बच्ची के शरीर पर उभरे दाने मंकीपॉक्स हैं या नहीं।