गाजियाबाद. थाना मसूरी इलाके में डासना के पास आकाश नगर में निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत गिरने के बाद से लगातार राहत और बचाव का कार्य जारी है। एनडीआरएफ की टीम के जवानों ने रविवार शाम को जहां मलबे से एक मजदूर का शव निकाला था, वहीं रात करीब 3 बजे एक बच्चे का शव भी बरामद किया गया है। बता दें कि अब तक एनडीआरएफ की टीम ने दो बच्चों समेत 11 लोगों को मलबे से निकाला है, जिनमें से एक मजदूर और एक बच्चे का शव भी शामिल है। इस तरह 9 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। इन सभी को गंभीर चोट आई हुई है, लेकिन तीन की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल रेस्क्यू आॅपरेशन जारी है। एनडीआरएफ की टीम के साथ डॉग स्क्वायड भी मौके पर जुटी हुई है।