मिली जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के थाना सिहानी गेट इलाके में पुराना बस अड्डे के नजदीक पुरानी गड़ी मोहल्ले में किसी बात को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया था। देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर गोली चला दी। इस दौरान वह गोली कपिल पुत्र धर्मपाल नामक युवक को लगी, जिसके बाद वह लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर गया और गोली मारने वाले मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हुए और इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कपिल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने अस्पताल पहुंचते ही उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस पूरे मामले में दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और हत्यारों की तलाश में जुटी हुई है। आश्चर्य की बात यह है कि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि इन दोनों पक्षों का झगड़ा किस बात को लेकर हुआ था और किसने गोली मारी है।