22 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Gonda News: तीन दिन से लापता था युवक, घर से 100 मीटर दूर कार में मिला शव, मौत पर उठे सवाल

Gonda Police: गोंडा में तीन दिन से लापता 30 वर्षीय युवक धनीराम वर्मा का शव घर से 100 मीटर दूर सड़क किनारे खड़ी कार में मिला। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की मौत को लेकर तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की हर एंगल से जांच कर रही है।
2 min read
Google source verification
gonda

घटनास्थल पर जांच करती पुलिस फोटो सोर्स पत्रिका

Gonda News:गोंडा में तीन दिन से लापता 30 वर्षीय युवक का शव शुक्रवार को सड़क किनारे खड़ी कार में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक गुरुवार रात घर से निकला था। लेकिन वापस नहीं लौटा। सुबह परिजनों ने तलाश शुरू की तो घर से महज 100 मीटर दूर कार के भीतर उसका शव मिला। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

गोंडा में घर से निकले एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शुक्रवार को उसका शव गांव के पास सड़क किनारे खड़ी एक कार के अंदर मिला। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आने की बात कही जा रही है।
मामला ग्राम पंचायत तेंदुआ चौखड़िया के मजरा शिव सहाय पुरवा से जुड़ा है। यहां रहने वाले धनीराम वर्मा (30) पुत्र राम उग्गर गुरुवार रात करीब आठ बजे अपने घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस घर नहीं पहुंचे। देर रात तक इंतजार करने के बाद परिजनों को चिंता हुई। सुबह से उनकी तलाश शुरू कर दी गई।

सड़क के किनारे खड़ी कार से बरामद हुआ युवक का शव

परिवार के लोग युवक को आसपास के इलाकों और परिचितों के यहां तलाश रहे थे। इसी दौरान घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर खरगूपुर-इटियाथोक मार्ग के किनारे एक कार खड़ी दिखाई दी। कार के अंदर युवक का शव पड़ा था। शव मिलने की सूचना गांव में फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बताया गया कि जिस कार में युवक का शव मिला, वह उसी गांव के पवन कुमार वर्मा की है। परिस्थितियां संदिग्ध होने के कारण पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने कार और आसपास के स्थानों से जरूरी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद कार का दरवाजा खुलवाकर शव बाहर निकाला गया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी योगेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिवार के लोगों से भी जानकारी ली। युवक अविवाहित था और तीन बहनों व दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारण का पता चल सकेगा

प्रभारी निरीक्षक राजेश तिवारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही युवक की मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।