28 सितंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘दोनों हमेशा साथ ही घूमते थे, ऐसा कैसे हो सकता है’, 2 किशोरों की मौत के मामले में बोले पिता! क्या है गोरखपुर केस की Inside Story

Shiva Shyam Rajbhar Death Inside Story Gorakhpur: गोरखपुर के चौरी चौरा में 7वीं के छात्र शिवा राजभर की गला घोंटकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक उसके दोस्त श्याम राजभर की भूमिका सामने आई, जिसकी अगले दिन ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पढ़िए इनसाइड स्टोरी
3 min read
Google source verification
gorakhpur chauri chaura teenager murder friend train death inside story

प्रतीकात्मक तस्वीर। सोर्स-Ai

Shiva Shyam Rajbhar Death Inside Story Gorakhpur: गोरखपुर के चौरी चौरा में 2 किशोर दोस्तों की मौत का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, 7वीं कक्षा में पढ़ने वाले श्याम राजभर (17) ने अपने दोस्त शिवा राजभर (14) की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके अगले ही दिन श्याम की भी रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस नेCCTV फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर शिवा की हत्या की कड़ी श्याम से जोड़ते हुए मामले का खुलासा करने का दावा किया है।

हालांकि, शिवा की हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। दोनों के परिजनों का कहना है कि किशोर आपस में अच्छे दोस्त थे और अक्सर साथ रहते थे। ऐसे में हत्या की वजह को लेकर परिवारवालों के मन में कई सवाल हैं। पुलिस अब परिजनों और दोनों किशोरों के दोस्तों से पूछताछ कर घटना के कारण का पता लगाने में जुटी है।

23 सितंबर को साथ निकले थे दोनों दोस्त

पुलिस के मुताबिक, चौरी टोला भरटोलिया निवासी शिवा राजभर और श्याम राजभर एक ही स्कूल में 7वीं कक्षा में पढ़ते थे। 23 सितंबर को दोपहर करीब 1 बजे दोनों दोस्त चकदेइया गांव स्थित जलकल परिसर पहुंचे थे। दोनों के जलकल परिसर में प्रवेश करने की तस्वीर वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हुई थी। करीब सवा घंटे बाद श्याम अकेले परिसर से बाहर निकलता दिखाई दिया। पुलिस के मुताबिक, वह अपने कपड़े साफ करते हुए वहां से निकला और फिर घर चला गया।

अगले दिन रेलवे ट्रैक पर मिला श्याम का शव

24 सितंबर को श्याम राजभर का शव सतहवा के पास रेलवे ट्रैक पर मिला। पुलिस के मुताबिक, उसकी मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई थी। उधर, जिस जलकल परिसर में दोनों दोस्त एक दिन पहले पहुंचे थे, वहां शिवा का शव मौजूद था। 25 सितंबर को कमरे से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कमरे से शिवा का शव बरामद किया गया।

पोस्टमार्टम में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि

पुलिस के अनुसार, शिवा के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच के दौरान जलकल परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दोनों किशोरों के परिसर में साथ पहुंचने और बाद में श्याम के अकेले बाहर निकलने की तस्वीरें सामने आईं। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और CCTV फुटेज को जोड़ते हुए शिवा की हत्या में श्याम की भूमिका होने का दावा किया।

हत्या की वजह अभी भी बनी हुई है पहेली

पुलिस की जांच में हत्या की कड़ी श्याम से जुड़ने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल हत्या की वजह को लेकर है। आखिर दोनों दोस्तों के बीच ऐसा क्या हुआ कि मामला हत्या तक पहुंच गया? श्याम ने शिवा की हत्या क्यों की और इसके अगले दिन उसकी खुद की ट्रेन की चपेट में आने से मौत कैसे हुई, इन सवालों के जवाब अभी सामने नहीं आए हैं। पुलिस दोनों किशोरों की घटना से पहले की गतिविधियों, उनके आपसी संबंधों और दोस्तों से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। साथ ही परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।

शिवा की मां बोलीं- मेरे बेटे को साजिश के तहत मारा गया

शिवा की मां मीना ने कहा कि उनके बेटे को साजिश के तहत मारा गया है। उन्होंने मामले की गहनता से जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि उनके बेटे के साथ आखिर क्या हुआ और उसे किसने मारा, इसकी पूरी जांच होनी चाहिए। शिवा के पिता कमलेश राजभर पेंट-पॉलिश का काम करते हैं। उन्होंने किसी से दुश्मनी होने की बात से इनकार किया है।

श्याम के पिता ने भी जताया संदेह

श्याम के पिता रविंद्र राजभर ने कहा कि उन्हें इस बात पर यकीन नहीं हो रहा कि उनका बेटा शिवा की हत्या कर सकता है। उन्होंने कहा कि दोनों किशोर हमेशा साथ घूमते थे, ऐस कैसे हो गया। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच ऐसा क्या हुआ, यह समझ से बाहर है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके बेटे का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है और पुलिस की ओर से बताया जा रहा है कि उसने शिवा की गला घोंटकर हत्या की थी, लेकिन उन्हें इस बात पर विश्वास नहीं हो रहा है।

पुलिस बोली- हत्या की वजह पता लगाने में जुटी है टीम

चौरी चौरा थाना प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर श्याम द्वारा शिवा की गला घोंटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। इसके अगले दिन श्याम की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई। थाना प्रभारी के मुताबिक, शिवा की हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस परिजनों और दोस्तों से पूछताछ कर घटना के कारण का पता लगाने का प्रयास कर रही है।