
चाइनीज मांझे से कटी युवक की गर्दन: (सोर्स: अनूप शुक्ला)
Chinese Manjha Cut Man Throat: गोरखपुर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। तिवारीपुर थाना क्षेत्र के इलाहीबाग में शनिवार दोपहर पतंग के मांझे की चपेट में आने से 35 वर्षीय रमेश कन्नौजिया की मौत हो गई। मांझे से उनकी गर्दन बुरी तरह कट गई। राहगीरों की मदद से पुलिस उन्हें जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान सूर्यकुंड निवासी रमेश कन्नौजिया के रूप में हुई है। वह एक कॉस्मेटिक की दुकान पर काम करते थे। शनिवार दोपहर करीब एक बजे वह अपनी मोपेड से दुकान जा रहे थे। इसी दौरान हार्बर्ट बांध के पास उनकी गर्दन चाइनीज मांझे की चपेट में आ गई। मांझे से उनकी गर्दन का बड़ा हिस्सा कट गया और वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की मदद से रमेश को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। रमेश का शव देखकर पत्नी पुन्ना और पिता फकीरे का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार में चीख-पुकार मच गई।
रमेश की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी। उनके परिवार में नौ साल की बेटी और पांच साल का बेटा है। रमेश की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के सामने अब बच्चों की परवरिश और भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई है।
सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी के मुताबिक, युवक की मौत हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
चाइनीज मांझे से होने वाली दुर्घटनाएं लोगों की जान के लिए गंभीर खतरा बनी हुई हैं। सड़क पर दोपहिया वाहन से चलने वाले लोग विशेष रूप से इसकी चपेट में आते हैं। इस घटना ने एक बार फिर प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत को उजागर किया है।
Updated on:
10 Oct 2026 04:12 pm
Published on:
10 Oct 2026 03:54 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
