बता दें कि वीकेंड होने की वजह से ऑटो एक्सपो के चौथे दिन भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह 11 बजे से ही दर्शकों का आना शुरु हो गया था। ऑनलाइन (बुक माई शो से) टिकट बुक कराने वाले लोगों को गेट नंबर एक से एंट्री दी जा रही थी। आरोप है कि गेट पर तैनात कर्मचारियों ने कहा कि ऑनलाइन टिकट का प्रिंटआउट लेकर आना होगा, तभी एंट्री दी जाएगी। ऑनलाइन टिकट बुक कराने वाले दर्शकों की संख्या अधिक होने की वजह से भारी भीड़ जमा हो गई। बताया जाता है कि इस दौरान क्यूआर कोड मशीन में भी कुछ खराब आ गई थी। इससे नाराज लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। भारी भीड़ देख सुरक्षाकर्मियों ने गेट बंद कर दिया। ऑटो एक्सपो देखने का सपना लेकर आए लोगों ने देरी होने पर जबरन अंदर घुसने का प्रयास किया, जिसके बाद अफरा-तफरी का माहौल हो गया। बच्चों के साथ आए लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। लोग इधर-उधर भटकते रहे।