
बीच बाजार सिरफिरे आशिक ने युवती पर चाकू से हमला कर उतारा मौत के घाट, भीड़ ने घेरा तो खुद को भी किए वार
ग्रेटर नोएडा. जगत फार्म मार्किट में एक सिरफिरे आशिक ने एक युवती पर चाकू से वारकर बुरी तरह जख्मी कर दिया। जैसे भीड़ आरोपी की तरफ आने लगी तो उसने खुद को भी चाकू मारकर घायल कर लिया। इसके बाद सूचना पर पहुंची थाना कासना पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान युवती की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। यह मामला इकतरफा प्यार का बताया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, जगत फार्म बाजार के ए-प्लाजा में राजेश्वर दयाल की कॉस्मेटिक की दुकान है। करीब डेढ़ माह पहले ही इस दुकान में कंपनी की प्रमोटर खुशबू निवासी दादरी ने काम करना शुरू किया था। वह सुबह 11 बजे वॉशरूम जाने के लिए दुकान से बाहर आई थी। इसी बीच एक सिरफिरे आशिक ने दुकान में घुसकर पहले युवती को गंभीर रूप से घायल कर दिया। जब भीड़ उसे पकड़ने के लिए उसकी तरफ पहुंची तो उसने खुद पर चाकू से प्रहार कर लिया। इस हमले में दुकान की सीढ़ियां खून से लथपथ हो गईं। वहीं युवक और युवती को तड़पता देख लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची थाना कासना पुलिस ने आनन-फानन में घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया। वहीं युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही हैं | वहीं पीड़ित पक्ष का कहना है कि सिरफिरा युवक काफी समय से युवती को परेशान कर रहा था। पहले भी उसका सूरजपुर में पीछा किया गया था, जिसकी शिकायत पुलिस से की थी।
वहीं पुलिस के आलाधिकारी का कहना है कि युवती का कुलदीप नाम के युवक से विवाद हो गया था, जिसके चलते कुलदीप ने पहले लड़की को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसके बाद खुद पर चाकू से वारकर खुद को घायल कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती कराया है, जिन्हें हॉस्पिटल के आईसीयू में रखा गया है। जहां पर युवती की मौत हो गई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
Updated on:
23 Jun 2018, 10:14 AM IST
Published on:
23 Jun 2018, 10:13 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.