
सवा सौ करोड़ के जमीन घोटाले में आरोपी यीडा के पूर्व सीईओ व सेवानिवृत्त आईएएस पीसी गुप्ता गिरफ्तार
नोएडा. यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में जमीन खरीद में अरबों के घोटाले में आरोपी प्राधिकरण के पूर्व सीईओ व सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी पीसी गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दें कि पीसी गुप्ता की गिरफ्तारी मध्यप्रदेश के दतिया से पुलिस ने की है। वहां उन्हें हिरासत में लेकर गौतमबुद्धनगर लाया जा रहा है। पीसी गुप्ता पर आरोप है कि यीडा के सीईओ रहते हुए उन्होंने साजिश के तहत मथुरा के गांवों की जमीन खरीदी, जिसका कोई औचित्य नहीं था। फिर भी उन्होंने 19 शेल कंपनी बनाकर 57.1549 हेक्टेयर जमीन खरीदी और प्राधिकरण को 126.42 करोड़ रुपये का चूना लगा दिया। सभी शेल कंपनियों में पीसी गुप्ता के रिश्तेदार शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि यीडा के चेयरमैन प्रभात कुमार के निर्देश पर कासना थाने में यीडा के पूर्व सीईओ पीसी गुप्ता और डीसीओ सतीश कुमार समेत 22 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद एसएसपी ने आरोपी अफसरों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें बनाई हैं। इन टीमों ने पहले आरोपी अफसरों के खिलाफ प्राथमिक सबूत जुटाए और फिर उनकी गिरफ्तारी के लिए कई जगह दबिश दी। बताया जाता है कि पुलिस की एक टीम ने यीडा के पूर्व सीईओ के घर पर भी दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिले थे। पीसी गुप्ता को गिरफ्तार करने के लिए गठित टीम ने जिले के विभिन्न स्थानों के साथ ही गाजियाबाद, दिल्ली, लखनऊ आदि स्थानों पर छापा मारा, लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिली।
दबिश के दौरान पुलिस को उनके करीबियों के कुछ मोबाइल नंबर भी मिले हैं, जिनसे पीसी गुप्ता के मध्यप्रदेश में होने का सुराग पुलिस के हाथ लगा। बीते शुक्रवार की शाम पीसी गुप्ता अपनी पत्नी व चालक के साथ मध्यप्रदेश के दतिया स्थित इशांबरा मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान मंदिर के बाहर सादी वर्दी में मौजूद पुलिसकर्मियों ने परिसर से निकलते ही उसे हिरासत में ले लिया।
Published on:
23 Jun 2018, 9:20 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.